PM Modi Varanasi: क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास कर मेगा रैली करेंगे पीएम मोदी, पीएमओ से मिले संकेत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 23 सितंबर के वाराणसी के दौरे पर पीएमओ की ओर से सहमति मिलने के साथ ही कार्यक्रम को भी नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। गंजारी में प्रस्तावित पूर्वाचल के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। यहीं जनसभा को संबोधित करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 सितंबर को वाराणसी के गंजारी में प्रस्तावित पूर्वाचल के पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। गंजारी मैदान में आयोजित जनसभा के दौरान ही वे करसड़ा सहित प्रदेश के 17 अटल आवासीय विद्यालयों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय से मिले संकेत के बाद पीएम मोदी के 23 सितंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम में आंशिक बदलाव किया जा रहा है। अब करसड़ा स्थित अटल आवासीय विद्यालय परिसर की बजाय पीएम मोदी की जनसभा और कार्यक्रम गंजारी में कराने की तैयारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 23 सितंबर के अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सहमति मिलने के साथ ही कार्यक्रम को भी नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। गंजारी में जनसभा और लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम की रुपरेखा तय होने के बाद करसड़ा में बनकर तैयार अटल आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों से पीएम मोदी के वर्चुअल संवाद की योजना बनाई जा रही है।
इस दौरान प्रदेश के सभी 17 विद्यालयों के विद्यार्थियों को इस संवाद में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही उनके हाथों लोकार्पित और शिलान्यास वाली परियोजनाओं की भी सूची बनाकर उनका भौतिक सत्यापन भी कराया जा रहा है।
400 करोड़ रुपये से बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम
रिंग रोड किनारे गंजारी में प्रस्तावित स्टेडियम 30.6 एकड़ के क्षेत्र में बनाया जाएगा और इसमें 30,000 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। स्टेडियम का निर्माण आईसीसी मानकों के अनुसार किया जाएगा और इसकी अनुमानित लागत 400 करोड़ रुपये है। स्टेडियम का निर्माण 30 महीने में पूरा होने की उम्मीद है। स्टेडियम में एक मुख्य मैदान, एक प्रैक्टिस ग्राउंड, एक दर्शक दीर्घा, एक मीडिया सेंटर और कई अन्य सुविधाएं होंगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की जिम्मेदारी एलएंडटी को सौंपी गई है।
करसड़ा को कनेक्ट करने के लिए मंथन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे की सूचना के बाद प्रशासन करसड़ा में सभी कार्यक्रम आयोजित करने में जुटा है। मगर, नई योजना के बाद करसड़ा परिसर को भी पीएम के कार्यक्रम से कनेक्ट करने पर मंथन शुरू किया गया है। पूर्व योजना के अनुसार पीएम मोदी विद्यालय के क्लासरुम और लैब को भी देखने पहुंचने वाले थे। फिलहाल मंगलवार की शाम तक पीएम मोदी के कार्यक्रम की रुपरेखा तय होने की उम्मीद है।
फुलवरिया फोरलेन के लिए अभी और इंतजार
शहर को जाम मुक्त करने और कनेक्टविटी मजबूत करने के लिए तैयार फुलवरिया फोरलेन के लोकार्पण के लिए अभी इंतजार करना होगा। इस फोरलेन पर यातायात का संचालन शुरू होने के साथ ही लहरतारा से बीएचयू के बीच ट्रैफिक लोड बढ़ने की प्रबल संभावना है। वर्तमान में फुलवरिया फोरलेन के एक लेन के संचालन के बाद से ही मंडुवाडीह, बीएलडब्ल्यू से लेकर लंका चौराहे तक सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है।
ऐसे में प्रशासन ने मंडुवाडीह से लंका चौराहे तक पांच छोटे फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई है। इसका प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। उम्मीद है कि अक्तूबर महीने में पीएम के हाथों लहरतारा से रविंद्रपुरी तक फोरलेन में इन फ्लाईओवर को शामिल कर लिया जाएगा।