Mauritius PM in Varanasi: दिल्ली से बाहर पहली बार द्विपक्षीय वार्ता के लिए काशी पहुंचे मॉरीशस पीएम, पढ़ें खास
Mauritius PM in Varanasi: दिल्ली से बाहर पहली बार द्विपक्षीय वार्ता के लिए मॉरीशस के पीएम डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम काशी पहुंचे हैं। यह दूसरा मौका है, जब मॉरीशस के प्रधानमंत्री काशी पहुंचे हैं।
विस्तार
मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम बुधवार की शाम करीब 6:18 बजे तीन दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच गए। यह दूसरा मौका है, जब मॉरीशस के प्रधानमंत्री काशी पहुंचे हैं। इससे पहले 11 सितंबर 2023 में मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ दो दिवसीय निजी दौरे पर काशी आए थे। ये पहला मौका होगा जब दिल्ली से बाहर काशी में दो देशों के बीच द्वीपक्षीय वार्ता होगी।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम का लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के बाहर डमरू वादन और शंखनाद के बीच पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से होटल के बीच छह स्थानों पर छात्र-छात्राएं हाथ में मॉरीशस का झंडा और भारत के तिरंगे के साथ खड़े थे। रास्ते भर गुलाब की पंखुडियों से पीएम रामगुलाम का स्वागत किया गया।
दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार की सुबह पौने ग्यारह बजे 52वें दौरे पर काशी आएंगे। बृहस्पतिवार को ही भारत और मॉरीशस के प्रधानमंत्री के बीच होटल ताज में द्विपक्षीय मुद्दों पर बात होगी। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
इसे भी पढ़ें; Varanasi Top News: काशी में कल बंद रहेंगे कई स्कूल, देह व्यापार में 17 के खिलाफ केस समेत पढ़ें प्रमुख खबरें
राज्यपाल और मंत्री ने की मॉरीशस के प्रधानमंत्री की आगवानी
यूपी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने एयरपोर्ट पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री की आगवानी की। एयरपोर्ट पर ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। पीएम रामगुलाम शाम 6:40 बजे होटल ताज के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट से निकलने के बाद वे सड़क मार्ग से करीब सवा सात बजे नदेसर स्थित होटल ताज पहुंचे जहां बृहस्पतिवार को द्विपक्षीय मुद्दों पर वार्ता होनी है।