पीएलआई योजना: बैंक कर्मियों की हड़ताल, सोनांचल में 300 करोड़ की जमा-निकासी प्रभावित; चेक क्लियरेंस को तरसे
जिलेभर में बैंककर्मियों की हड़ताल से सोनांचल में करीब 300 करोड़ रुपये की जमा-निकासी प्रभावित रही। बैंक शाखाओं में ताले लटके रहने से चेक क्लियरेंस समेत काउंटर सेवाएं ठप रहीं। कर्मचारी पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और पीएलआई योजना वापस लेने की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे। इससे ग्राहकों को भी बैंकिंग कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
विस्तार
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के सभी बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने की वजह से शुक्रवार को बैंकों में जमा-निकासी प्रभावित रहा। बैंक बंद कराते हुए कर्मचारियों के हड़ताल की वजह से शुक्रवार को जिले में करीब 300 करोड़ का जमा-निकासी प्रभावित रहा।
चेक क्लियरेंस का काम भी बाधित रहा। इससे बैंक खाताधारकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बैंक कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन करते हुए शासन से पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने तथा पीएलआई योजना को वापस लेने की मांग की।
ऑल इंडिया बैंक एसोसिएशन सोनभद्र यूनिट के जिलाध्यक्ष राजीव रंजन और जिला सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जिले भर के बैंक हड़ताल के चलते शाखाओं में ताले लटके रहे। जिलाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि शुक्रवार की हड़ताल से बैंकिंग कामकाज चार दिन तक प्रभावित रहेगा। दरअसल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने शुक्रवार को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया था।
इसके चलते जिले की सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाओं में कैश जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, केवाईसी अपडेट और अन्य काउंटर सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। अध्यक्ष ने बताया कि हड़ताल का असर अगले दो दिन की छुट्टी से और बढ़ गया है। शनिवार को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने से लगातार तीन से चार दिन नियमित शाखा सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
14 सितंबर से ही बैंकिंग कामकाज सामान्य होने की उम्मीद है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना और परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) से जुड़े मुद्दों की समीक्षा शामिल है। यूनियनों ने सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने को कहा है।
चेतावनी दी है कि यदि समाधान नहीं हुआ तो 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल और 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। ग्राहकों को असुविधा से बचने के लिए यूनियन ने डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी है। हड़ताल के दौरान यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। एटीएम से नकदी निकासी हो सकेगी, हालांकि लगातार छुट्टियों के कारण कुछ स्थानों पर नकदी की किल्लत हो सकती है।
इस मौके पर जिला सचिव मुकेश कुमार पंजाब नेशनल बैंक, जिलाध्यक्ष राजीव रंजन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, संजीत चौबे इंडियन बैंक, उज्जवल कुमार इंडियन बैंक, सौरभ सिंह भारतीय स्टेट बैंक, अरविन्द कुमार सिंह एसबीआई, राजेश कुमार इंडियन बैंक, नीरज प्रकाश एसबीआई, अवधेश कुमार राम सिंह, शिवपूजन, रमेश कुमार, महेश सिंह, मिथिलेश नायक, निरंजन सेठ इंडियन बैंक, जय नारायण, ओमप्रकाश, त्रिभुवन, यशवंत और राम प्रसाद समेत अन्य बैंककर्मी मौजूद रहे।
बैंक कर्मचारियों के शुक्रवार को हड़ताल पर जाने की वजह से जिले में करीब 300 करोड़ रुपये का जमा निकासी प्रभावित रहा। शुक्रवार को चेक क्लियरेंस भी अधिक होता है, हड़ताल की वजह से चेक क्लियरेंस का काम नहीं हो सका। - सलन बागे, एलडीएम-इंडियन बैंक सोनभद्र।