महिला यात्री कृपया ध्यान दें... वाराणसी से लखनऊ के लिए शुरू हुई स्पेशल बस सेवा
महिला यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सुविधा के लिए एक स्पेशल बस सेवा शुरू की गई है। महिलाओं के लिए लखनऊ से वाराणसी के बीच पिंक बस सेवा मंगलवार से शुरू कर दी गई है। दोपहर बाद कैंट स्थित रोडवेज बस अड्डे पर पहुंची यह पिंक बस लोगों के आकर्षकण का केंद्र रही।
लखनऊ से सुबह नौ बजे यह पिंक वाराणसी के लिए निकली। जौनपुर होते हुए वाराणसी के चौधरी चरण सिंह बस अड्डे पर दोपहर बाद साढ़े तीन बजे पहुंची। शाम चार बजे फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। लखनऊ से आठ यात्री वाराणसी आए तो वहीं नौ यात्री प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए रवाना हुए।
रोडवेज बस अड्डे पर गुलाबी रंग की बस के पहुंचते ही सभी यात्रियों की नजर इस बस पर टिक गई। कई पुरुष यात्रियों ने इससे सफर करने की इच्छा जाहिर की पर केवल महिला यात्रियों या उनके सहयात्री पुरुषों के लिए आरक्षित होने के चलते उनको निराश होना पड़ा। इस बस में महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है।
पिंक बस में यह मिलेगी सुविधा
पिंक बसों में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कंडक्टर की तैनाती होगी। महिलाओं के साथ सहयात्री के तौर पर पुरुष भी पिंक बसों में यात्रा कर सकेंगे।
इन बसों में आपात स्थिति जैसे छेड़छाड़, लूटपाट, हाइजैकिंग, रोडहोल्डप, दुर्व्यवहार, आग लगने या अचानक बीमार होने की स्थिति में मदद के लिए ‘पैनिक बटन’ लगाया गया है जो इंटरसेप्टर सेवा और 100 डॉयल सेवा से जुड़ा रहेगा। किसी आपात स्थिति में महिला यात्री द्वारा इस बटन को दबाते ही पुलिस को इसकी सूचना मिल जाएगी।