यूपी चुनाव: आजमगढ़ की फूलपुर सीट पर रमाकांत का दबदबा, बार-बार पार्टी बदलने के बाद भी मिलती रही जीत
आजमगढ़ जिले की फूलपुर के राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो यहां 17 विधानसभा चुनाव व उपचुनाव में से छह बार रमाकांत यादव परिवार का कब्जा रहा है। 1980 में यहां से कांग्रेस के अब्दुल कलाम विधायक चुने गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पिछले विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ जिले की 10 सीटों पर खाता खोलने तक को तरस गई कांग्रेस को फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में किसी ने तरसा दिया तो वह पूर्व सांसद रमाकांत यादव रहे हैं। उन्होंने खुद तो चार बार वहां की सीट जीती ही थी, 2007 के चुनाव में उनके पुत्र अरुण यादव ने इस सीट पर मध्यप्रदेश के पूर्व राज्यपाल और तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश को हरा कर कब्जा किया था। इसके बाद से यह सीट इसी परिवार के इर्द गिर्द ही झूलती रही है।
फूलपुर के राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो यहां 17 विधानसभा चुनाव व उपचुनाव में से छह बार रमाकांत यादव परिवार का कब्जा रहा है। 1980 में यहां से कांग्रेस के अब्दुल कलाम विधायक चुने गए। उसके बाद से लगातार चार बार यहां से जीत के लिए कांग्रेस तरस गई।
1985 में रमाकांत पहली बार बने विधायक
इस दौरान 1985 में कांग्रेस की टिकट पर रमाकांत यादव ने जीत का जो परचम लहराया। उसके बाद पीछे मुड़ कर नहीं देखा। हालांकि उन्होंने जीत की राह तय करने के लिए पार्टी बदलने में भी कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाई और अतीत की पार्टियों को विस्मृत कर नित नई पार्टियों को गले लगाते गए।
1996 और 2002 में यहां कांग्रेस के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव ने रमाकांत यादव की पत्नी रंजना यादव को हरा दिया। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अपनी इस सफलता को बरकरार नहीं रख सके और अंतत: 2007 के चुनाव में रमाकांत यादव के पुत्र अरुण यादव के हाथों रामनरेश यादव को हार का सामना करना पड़ा।
फूलपुर में अब तक चुने गए विधायक और उनकी पार्टी
1977 पदमाकर जेएनपी
1980 अब्दुल कलाब कांग्रेस
1985 रमाकांत आईसीजे
1989 रमाकांत बसपा
1991 रमाकांत सजपा
1993 रमाकांत सपा
1996 रामनरेश कांग्रेस
2002 रामनरेश कांग्रेस
2007 अरुण कांत सपा
2012 श्याम बहादुर सपा
2017 अरुण कांत भाजपा
लाल मिर्च की खेती के लिए प्रसिद्ध है फूलपुर क्षेत्र
फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र में किसान बड़े पैमाने पर लाल सोना की खेती करते हैं। यहां से लाल मिर्च का देश के अन्य हिस्सों में भी निर्यात किया जाता है। क्षेत्र में लगभग 2000 हेक्टेयर में किसान लाल मिर्च की खेती करते हैं। क्षेत्र के किसान लाल मिर्च की खेती से अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करते हैं।
फूलपुर स्थित मिर्चा मंडी में दूर-दूर से व्यापारी आकर लाल मिर्च की खरीद करते हैं। कुछ कारोबारी किसानों के खेतों से सीधे खरीदारी करते हैं। इसके अलावा क्षेत्र के किसान धान और गेहूं की खेती भी बड़े पैमाने पर करते हैं।