आजमगढ़। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत रविवार को जिले के 76 स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 1906 मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं, सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने सठियांव विकासखंड के शाहगढ़ और सलारपुर नेठी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ मुबारकपुर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। शाहगढ़ पीएचसी पर साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिले में निर्धारित सभी 76 मेलों का आयोजन हुआ। इनमें 84 चिकित्सकों और 265 पैरामेडिकल कर्मियों ने मरीजों को सेवाएं दीं। कुल 1906 मरीजों में 803 पुरुष, 820 महिलाएं और 283 बच्चे शामिल रहे। इसके अलावा 55 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड से संबंधित सुविधा दी गई, जबकि 201 मरीजों की कोविड हेल्प डेस्क पर जांच की गई। जन आरोग्य मेले में मधुमेह के सर्वाधिक 324 मरीज पहुंचे। इसके अलावा गैस्ट्रो संबंधी समस्याओं के 301, त्वचा रोग के 235, श्वसन संबंधी समस्याओं के 208 और उच्च रक्तचाप के 120 मरीजों का पंजीकरण किया गया। यकृत संबंधी बीमारियों के 41, एनीमिया के 34 और टीबी के पांच मरीज भी मिले। अन्य बीमारियों से पीड़ित 760 मरीजों ने उपचार कराया। आवश्यकतानुसार चार मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर किया गया। मेले में 93 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) की गई। संवाद