Pariksha Pe Charcha 2025: परीक्षा पे चर्चा में शामिल होंगे वाराणसी के 1.48 लाख विद्यार्थी, ऐसे करना होगा आवेदन
यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मानसिक दबाव को कम करने के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। वहीं अभिभावकों को इसमें शामिल होने के लिए पोर्टल लॉन्च किया गया है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा में जिले के 405 विद्यालयों के एक लाख 48 हजार विद्यार्थियों को शामिल कराने का लक्ष्य मिला है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 14 जनवरी तक विद्यार्थियों और अभिभावकों के पंजीकरण के लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों को पत्र भेज दिया है।
अभिभावकों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लॉन्च किया गया है पोर्टल
यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मानसिक दबाव को कम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों से लाइव बात करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विद्यालयों की ओर से विद्यार्थियों का पंजीकरण शुरू हो गया है। इसके अलावा अभिभावकों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षा मंत्रालय की ओर से innovateindia1.mygov.in पोर्टल लॉन्च किया गया है।
परीक्षा पे चर्चा 2025 के आठवें संस्करण में कक्षा छह से इंटर तक के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक व अभिभावक आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर 14 जनवरी तक पंजीकरण के बाद कार्यक्रम नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोर्ड परीक्षा से पहले बच्चों से बात करेंगे। ताकि परीक्षा के समय उनकी परेशानी दूर हो सके। बच्चे प्रधानमंत्री मोदी से सीधे सवाल भी पूछ सकेंगे हैं। इसमें जिले के भी विद्यार्थियों को मौका मिल सकता है।
ऐसे करना होगा आवेदन
परीक्षा पे चर्चा में शामिल होने के लिए पोर्टल पर आवेदक को अपना ब्योरा दर्ज करना होगा। पांच प्रश्न पूछे जाएंगे, चार विकल्प दिए जाएंगे। सही उत्तर का चयन करने के बाद इसे सबमिट करना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर ने बताया कि परीक्षा पे चर्चा में इस बार कुल एक लाख 48 हजार विद्यार्थियों शामिल कराने का लक्ष्य मिला है। सभी विद्यालय को पत्र जारी कर दिया गया है। 14 जनवरी तक आवेदन किया जा सकता है।