Varanasi News: '...विमान में बम है', कॉल पर मची अफरातफरी, इंडिगो विमान की हुई अकस्मात लैंडिंग; फिर
Varanasi News: बम की सूचना पर एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। अधिकारियों के फोन बजने लगे। तुरंत बम दस्ते को बुलाया गया। विमान के उतरते ही गहनता से उसके अंदर की जांच की गई लेकिन कोई भी संदिग्ध चीजें नहीं मिलीं।
विस्तार
मेरे पति वाराणसी-दिल्ली के इंडिगो विमान में यात्रा कर रहे हैं, उस विमान में बम है। प्लीज मेरे पति की जान बचा लीजिए...। यह सुनते ही टर्मिनल मैनेजर घबरा गया। कंट्रोल को कॉल कर विमान की शनिवार की शाम दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग से पूर्व विमान 30 मिनट तक हवा में चक्कर काटता रहा। बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को खंगाला। हालांकि विमान में कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
इंडिगो का विमान वाराणसी एयरपोर्ट से शाम 4.45 बजे यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरा। कुछ ही देर बाद टर्मिनल मैनेजर को एक महिला ने फोन किया कि मेरे पति विमल पांडेय इंडिगो की वाराणसी से दिल्ली विमान में यात्रा कर रहे हैं, उस विमान में बम है। मेरे पति की जान खतरे में है, जान बचा लीजिए। यह सुनते ही एयरपोर्ट अधिकारियों में खलबली मच गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों सहित सीआईएसएफ की टीम सक्रिय हुई और विमान 30 मिनट तक हवा में चक्कर लगाने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड किया। सभी यात्रियों को उतारते हुए बम निरोधक दस्ता समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की लगभग तीन घंटे तक जांच की। हालांकि कुछ भी ऐसा नहीं मिला। तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। नोएडा निवासी विमल पांडेय की पत्नी अमृता पांडेय ने कॉल किया था।
यात्रियों की छूटी कनेक्टिंग फ्लाइट, तीन घंटे तक रहे परेशान
विमान में सवार यात्री योगेंद्र सिंह ने बताया कि विमान में बम की सूचना के चलते तीन घंटे तक रोका गया। इस कारण मेरी अगली फ्लाइट दिल्ली से चंड़ीगढ़ की छूट गई। मेरे ही तरह अन्य यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बीते मंगलवार को दिल्ली से वाराणसी आते समय इंडिगो विमान में टीशू पेपर पर 30 मिनट में बम ब्लास्ट लिखा होने पर विमान के यात्रियों को दिल्ली में रोका गया था।
