फैसला: बीएचयू में 16 जनवरी तक चलेंगी ऑनलाइन कक्षाएं, परीक्षाएं भी होंगी ऑनलाइन
रेक्टर प्रो. वीके शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट को भी और बेहतर किया जाएगा, जिससे उस पर अधिक से अधिक अध्ययन सामग्री को अपलोड किया जा सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन की अध्यक्षता में सोमवार को हुई निदेशकों, संकाय प्रमुखों, अधिकारियों की बैठक में इसका फैसला लिया गया। इसके साथ ही चिकित्सा विज्ञान संस्थान के छात्र-छात्राओं, रेजिडेंट डॉक्टर और शिक्षकों के बारे में संस्थान के निदेशक द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
केंद्रीय कार्यालय के समिति कक्ष में हुई बैठक में यह निर्णय हुआ कि विश्वविद्यालय में जिन विभागों में परीक्षाएं चल रही हैं वहां पर कोविड गाइड लाइन का पालन करना होगा। बैठक में कुलपति ने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं विश्वविद्यालय स्तर पर की जाएंगी।
इसमें सभी विभागों में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं को इंटरनेट की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सेंट्रल लाइब्रेरी में अधिक धनराशि खर्च कर उसको हाइटेक किया जाएगा। इसके लिए कंप्यूटर लगेंगे और छात्र-छात्राओं के बैठने के स्थान में वृद्धि की जाएगी।
रेक्टर प्रो. वीके शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट को भी और बेहतर किया जाएगा, जिससे उस पर अधिक से अधिक अध्ययन सामग्री को अपलोड किया जा सके। 16 जनवरी के बाद अगला फैसला कोरोना स्थिति की समीक्षा और सरकार के फैसले के आधार पर होगा। बैठक में कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी, परीक्षा नियंता मनोज पांडेय, वित्ताधिकारी डॉ. अभय ठाकुर, छात्र अधिष्ठाता प्रो. केके सिंह आदि मौजूद रहे।
विद्यापीठ, संपूर्णानंद विवि में घर से काम करेंगे 50 फीसदी कर्मचारी
कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के कारण काशी विद्यापीठ और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में ऑनलाइन कक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। 16 जनवरी तक अवकाश के कारण विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी।
विश्वविद्यालय में अब 50 फीसदी कर्मचारी घर से ही काम करेंगे। देर शाम कुलपति ने इसका आदेश जारी कर दिया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देश के बाद ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।
रोस्टर के अनुसार होगी उपस्थिति
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कोविड-19 से बचाव के लिए कर्मचारियों की उपस्थिति रोस्टर के अनुसार होगी। 50 फीसदी कर्मचारी घर से ही कार्यालय का कार्य करेंगे। आवश्यकता अनुसार किसी भी कर्मचारी को बुलाया जा सकता है। कोई भी कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। यह व्यवस्था 16 जनवरी तक प्रभावी रहेगी।