वाराणसी में ओमिक्रॉन विस्फोट: जीनोम सीक्वेंसिंग के बाद 96 में से 77 की पुष्टि, बीते चार दिन में 894 कोरोना पॉजिटिव
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच वाराणसी में ओमिक्रॉन ने भी अब रफ्तार पकड़ ली है। वाराणसी में ओमिक्रॉन के मरीजों की संख्या 77 हो गई है। शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा कोरोना के 390 केस मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, वैसे-वैसे वाराणसी में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है, क्योंकि ओमिक्रॉन ने भी अब रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को ओमिकॉन के 77 मरीज मिलने की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को आईएमएस बीएचयू से मिली है। आईएमएस बीएचयू के एमआरयू लैब में हुई जांच में इसकी पुष्टि के बाद लैब प्रभारी ने ओमिक्रॉन के मरीजों की रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है जबकि सीएमओ ने शासन से रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में सही जानकारी देने की बात कही है।
इधर, वाराणसी जिले में कोरोना संक्रमण इस साल के आठ दिनों में 20 गुना बढ़ा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि साल के पहले दिन 21 संक्रमित मरीज मिले थे और 8 जनवरी को 390 मरीज एक दिन में मिले हैं। बीते चार दिन में 894 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
वाराणसी में हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित
वाराणसी में शनिवार को एक दिन में 390 संक्रमित मिलने के बाद एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 1011 हो गया है। आईएमएस बीएचयू के एमआरयू लैब में प्रो. रोयाना सिंह के निर्देशन कोरोना संक्रमित मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जा रही है।
यहां तीन दिन पहले 96 सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग जांच के लिए लगाए थे, इसमें शाम करीब छह बजे तक 36 मरीज ओमिक्रॉन के मिले थे जबकि रात नौ बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 77 हो गया। ये सभी सैंपल वाराणसी जिले के हैं। अभी आसपास के जिलों से आने वाले सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। प्रो. रोयाना सिंह की ओर से ओमिक्रॉन के मरीजों की पुष्टि होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी जा चुकी है।
पढ़ेंः पहली बार काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव ने पहनी वर्दी, ओमिक्रॉन के खात्मे की लगाई गुहार, तस्वीरों में देखें
हालांकि जिला प्रशासन और सीएमओ ने ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या के बारे में कोई पुष्टि नहीं की। सीएमओ डॉ.संदीप चौधरी ने कहा कि एमआरयू लैब में जीनोम सीक्वेसिंग की कुछ रिपोर्ट मिली है। रिपोर्ट को शासन स्तर पर स्टेट सर्विलांस ऑफिसर को भेजा गया है। वहां से इस संबंध में रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
तीसरी लहर में ऐसे बढ़ रहा कोरोना का ग्राफ
- 08 जनवरी 390 मरीज
- 07 जनवरी 210 मरीज
- 06 जनवरी 174 मरीज
- 05 जनवरी 120 मरीज
- 04 जनवरी 45 मरीज
- 03 जनवरी 28 मरीज
- 02 जनवरी 14 मरीज
- 01 जनवरी 21 मरीज
अस्पताल में भर्ती मरीजों की निगरानी बढ़ी
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि कोविड कंट्रोल रूम से सुबह-शाम होम आईसोलेशन और अस्पताल में भर्ती मरीजों से सेहत का फीडबैक लिया जा रहा है। बताया कि संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए जिले में बीएचयू समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में 1000 से अधिक बेड हैं। जरूरत पड़ती है तो जिलाधिकारी के निर्देश पर निजी अस्पतालों में भी भर्ती की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
पढ़ेंः बलिया में छठे, तो वाराणसी समेत पूर्वांचल के इन जिलों में आखिरी चरण में चुनाव, पढ़ें पूरी रिपोर्ट