विवेचना निस्तारण दिवस: वाराणसी रेंज के थानों में हर शनिवार निपटाए जाएंगे पुराने मामले, तबादले के बाद भी नहीं बदलेंगे विवेचक
वाराणसी परिक्षेत्र के जिलों में हर शनिवार को विवेचना निस्तारण दिवस मनाया जाएगा, इसमें मुकदमों की तफ्तीश की जाएगी। परिक्षेत्र के अंदर गैर जनपद स्थानांतरण पर विवेचक अपने साथ विवेचना भी लेकर जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपराधियों को सजा और पीड़ित को न्याय दिलाने की अहम कड़ी विवेचना के मामले में वाराणसी रेंज पुलिस अब पूरे प्रदेश के लिए अहम साबित होने जा रही है। वाराणसी परिक्षेत्र के जिलों में हर शनिवार को विवेचना निस्तारण दिवस मनाया जाएगा, इसमें मुकदमों की तफ्तीश की जाएगी।
परिक्षेत्र के अंदर गैर जनपद स्थानांतरण पर विवेचक अपने साथ विवेचना भी लेकर जाएंगे। यानी कि घटना की विवेचना को किसी दूसरे विवेचक को ट्रांसफर नहीं कर सकेंगे। सब कुछ ठीक रहा तो इसी शनिवार से इन जिलों में विवेचना निस्तारण दिवस मनाया जाएगा।
यूपी में वाराणसी रेंज से हो रही शुरुआत
पहली बार ऐसा होगा कि उत्तर प्रदेश में वाराणसी रेंज से इसकी शुरुआत होगी। इसके लिए आईजी रेंज के. सत्यनारायणा ने पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है। वाराणसी परिक्षेत्र के चार जिलों के अपराध शाखा की समीक्षा में पाया गया कि विवेचक बार-बार बदल जा रहे हैं। एक मुकदमे की पांच या उस से अधिक विवेचकों द्वारा विवेचना की जा रही है।
बाद के विवेचकों को न तो मुकदमे के संबंध में अच्छी जानकारी हो पाती है और न ही विवेचना के समयबद्ध विधिक निस्तारण में कोई रुचि लेते हैं। इसका एक और दुष्परिणाम यह भी है कि विवेचना र्कई वर्षों तक लंबित बनी रहती है। इस पर आईजी रेंज ने चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शनिवार को किसी भी एक थाने पर जाकर विवेचना के निस्तारण का हाल देखेंगे।
इसमें एसपी, एएसपी और सीओ शनिवार को थाने पर जरूर जाएंगे। आईजी रेंज खुद किसी एक थाने पर पहुंचकर विवेचना निस्तारण करेंगे। वाराणसी परिक्षेत्र के चार जिलों वाराणसी ग्रामीण, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर के पुलिस अधीक्षकों को पत्र के माध्यम से इस व्यवस्था लागू कराने का निदेश दिया गया है।
वाराणसी परिक्षेत्र आईजी रेंज के. सत्यनारायणा ने कहा कि प्रत्येक शनिवार की शाम विवेचना निस्तारण दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत घटना के बाद जिस विवेचक द्वारा विवेचना शुरू की गई, उसी विवेचक द्वारा विवेचना को पूरा किया जाए। परिक्षेत्र के अंदर यदि उस विवेचक का उस थाने से दूसरे स्थान पर स्थानांतरण हो जाता है, तब भी उस विवेचना को अपने साथ ले जाएंगे और निर्धारित समय में उसे पूरा करेंगे।
इस प्रक्रिया से ये होंगे होंगे फायदे
एक ही विवेचक द्वारा विवेचना करने से विवेचना में गुणवत्ता आएगी व उस मुकदमे के संबंध में विवेचक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी निर्धारित हो जाएगी। पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा विवेचनाओं की समीक्षा करने के साथ विवेचकों की कार्यकुशलता की भी समीक्षा होगी। मुकदमे की सुनवाई के दौरान जिम्मेदार विवेचक ही उसकी पैरवी करेगा।
वर्तमान में ये आ रहीं दिक्कतें
वर्तमान में विवेचना की केस डायरी उसी थाने में इंट्री हो रही है, जहां मुकदमा पंजीकृत किया गया था। विवेचक के स्थानांतरण होने पर केस डायरी को सीसीटीएनएस में इंट्री करने के लिए विवेचक को पूर्व के थाने पर आना पड़ता है। इससे नियुक्ति के थाने पर समय देने में कठिनाई हो रही है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पूर्व के थाने पर निर्भर रहना पड़ता है।