बीएचयू: एमएस के इस्तीफे पर अड़े नर्सिंग आफिसर, कुलपति को बताई हकीकत
अस्पताल के एमएस पर नर्सिंग अफसर की पिटाई का आरोप है, जिसके बाद से सभी नर्सिंग ऑफिसर इमरजेंसी गेट पर धरने पर बैठे हुए हैं।
विस्तार
बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार को चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर केके गुप्ता पर पिटाई का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग ऑफिसरों का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन रविवार को भी जारी रहा। शनिवार दोपहर 01:30 बजे से इमरजेंसी गेट पर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन पर बैठे 200 से अधिक नर्सिंग ऑफिसर चिकित्सा अधीक्षक के इस्तीफे की मांग पर ही अड़े हैं।
इमरजेंसी गेट पर बैठे नर्सिंग ऑफिसरों ने बताया कि उन्होंने रविवार को कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन से भी मुलाकात की और उन्हें शनिवार की घटना से अवगत कराया। नर्सिंग ऑफिसर अमित के मुताबिक, कुलपति से बातचीत के दौरान बताया गया कि आए दिन चिकित्सा अधीक्षक द्वारा हमें अलग-अलग तरीके से प्रताड़ित किया जाता है। साथ ही राजस्थान का होने की वजह से भी हमारे ऊपर टिप्पणियां भी की जाती हैं।
आज दोपहर से ठप कर देंगे सभी इमरजेंसी ड्यूटी
नर्सिंग ऑफिसरों ने रविवार को कुलपति को दिए पत्र में बताया है कि शनिवार दोपहर से चल रहे कार्य बहिष्कार के बाद भी न केवल आईसीयू, इमरजेंसी बल्कि कोरोना वार्ड में भर्ती मरीजों की सेवा भी की। अगर रविवार दोपहर 2 बजे तक उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो इमरजेंसी, आईसीयू सहित अन्य सेवाओं को भी ठप करने को बाध्य हो जाएंगे।
उनका कहना है कि अभी तक बीएचयू के किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इस मामले पर कोई भी ठोस फैसला नहीं लिया है। यहां तक कि भी पुलिस ने भी तहरीर नहीं ली है।