वाराणसीः तीन मई से पहले ये तीन हाट स्पॉट ग्रीन जोन में होंगे तब्दील, यहां लंबे समय से नहीं मिला है कोई नया कोरोना संक्रमित मरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में बने आठ हाट स्पॉट में तीन ऐसे हैं जिनमें लंबे समय से कोई नया संक्रमित मरीज नहीं मिला है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग राहत महसूस कर रहा है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार अब ऐसे हाट स्पॉट स्थलों को ग्रीन जोन में बदलने की तैयारी चल रही है। ये सभी पहले से ही ऑरेंज जोन में चल रहे हैं।
इनमें से लोहता को 28 अप्रैल, बजरडीहा को एक मई और गंगापुर को दो मई को ग्रीन जोन में तब्दील कर दिया जाएगा। कोरोना वायरस के संक्रमण पर नियंत्रण में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को धीरे-धीरे कामयाबी मिलती जा रही है। इसकी वजह लोगों की जागरूकता बताई जा रही है।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देशन में लगातार हाट स्पॉट पर संक्रमित मरीजों के परिजनों और उनके संपर्क में आने वाले लोगों की मानीटरिंग की जा रही है। इसी वजह से यहां पहले की तुलना में मरीज भी नहीं मिल रहे हैं। यही वजह है कि एक-एक कर अब हाट स्पॉट को ऑरेंज से ग्रीन जोन में बदला जा रहा है।
सीएमओ ने बताया कि लोहता को 2 अप्रैल को हाट स्पॉट घोषित करने के बाद 82 घरों के 1500 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और 100 लोगों के सैंपल लिए गए। यहां 14 दिन तक कोई पॉजिटिव मरीज नहीं आया जिससे 15 अप्रैल को ही यह ऑरेंज जोन हो गया था। अब 28 अप्रैल को लोहता ग्रीन जोन में आ जाएगा।
इसके अलावा 3 अप्रैल को हाट स्पॉट घोषित किए गए बजरडीहा में 121 लोगों के सैंपल लिए गए थे लेकिन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई जिससे 17 अप्रैल को यह ऑरेंज जोन में आ गया। अब इस हाट स्पॉट को भी एक मई को ग्रीन जोन में बदल दिया जाएगा ।
उन्होंने बताया कि गंगापुर में 5 अप्रैल को 60 सैंपल लिए गए और सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद कोई नया केस न मिला। ऐसे में अब गंगापुर को 2 मई को ग्रीन जॉन बना दिया जाएगा। इसके अलावा नक्खीघाट में 23 सैंपल लिए गए।
पितरकुंडा में 24 अप्रैल के बाद 173 सैंपल लिए गए जिसमें 152 निगेटिव हो चुके हैं। 21 की रिपोर्ट आनी बाकी है। बताया कि मड़ौली में 24 अप्रैल को 14 सैंपल लिए गए थे। अगर कोई पॉजिटिव नही आता है तो यह भी पहले ऑरेंज जोन फिर ग्रीन जोन में बदल जाएगा।