अब डाकघर भी खाताधारकों को देगा मोबाइल पर अलर्ट मैसेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बैंकों के तर्ज पर अब डाकघर के खाताधारकों को भी उनके मोबाइल पर जमा-निकासी के बाद तुरंत बैलेंस की जानकारी मिलेगी। बनारस समेत अन्य जिलों में खातों से जालसाजी कर रुपये निकालने के बाद अब डाक विभाग ने यह कदम उठाया है।
इसके लिए खाताधारकों से मोबाइल नंबर और आधार कार्ड नंबर लेकर अपडेट कराया जा रहा है, जिससे कि उन्हें लेन-देन की सूचना मोबाइल पर मिल सके। समय के साथ-साथ अब डाकघरों में भी सुविधाएं बढ़ती जा रही हैं। पहले पासबुक का कलेवर और खाता संख्या बदला गया, बाद में बैंक की तरह सभी खाताधारकों को एटीएम कार्ड जारी किए गए।
इस बीच बनारस समेत कई जगहों से खाताधारकों के खाते से बिना जानकारी के रुपये निकाले जाने की घटना ने विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा किया। खाते से रुपये निकाले गए लेकिन लोगों को भनक तक नहीं लगी। अब पारदर्शिता को लेकर विभाग ने बड़ा फैसला लिया है।
अब खाताधारकों को मोबाइल नंबर और आधार नंबर अपडेट करनवाना अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे कि लेन-देन की सूचना मोबाइल पर मिल सके। इसकी शुरुआत हो गई है। सभी डाकघरों में इस तरह का आदेश आने के बाद यहां सूचना चस्पा कराने के साथ ही आने वाले लोगों को भी इसकी जानकारी दी जा रही है।
खातों से जालसाजी कर रुपये निकालने की घटना के बाद इस व्यवस्था को लागू किया गया है। इसमें सभी को लेन-देन की सूचना मोबाइल पर तुरंत मिल सकेगी।
प्रणव कुमार, पोस्टमास्टर जनरल
क्या हुई थी घटना
बनारस में 28 अगस्त को ही प्रधान डाकघर कैंट से खाताधारकों के खातों से जालसाजी कर रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया था। धीरे-धीरे शिकायतकर्ताओं की संख्या 900 के करीब पहुंच गई और पांच करोड़ से अधिक की जालसाजी की पुष्टि भी हो चुकी है। चार महीने बाद भी अब तक जांच ही चल रही है, खाताधारकों के रुपये कब लौटाए जाएंगे, इस बारे में भी कोई कुछ नहीं बता पा रहा है।यह भी जानना जरूरी
- डाकघर के किसी भी योजना में काउंटर पर पैसे जमा करने के बाद रसीद जरूर लें।
- समय-समय पर पासबुक को अपडेट कराते रहे
- नमूना हस्ताक्षर वाला चेक पासबुक में न रखें
- अपने आरडी, एमआईएस खातों को बचत खाते से लिंक कराए
- पासबुक पर प्रिंटर से जरूर अपडेट कराएं, लिखा हुआ विवरण न स्वीकारें