शिफ्ट होगा नाइट बाजार: यातायात में बाधा बन रही मार्केट, दिनभर लग रहा जाम; यात्रियों के बैठने की होगी व्यवस्था
वाराणसी में कैंट स्टेशन के पास अब यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। बाजार में मनमाने तरीके से दुकानें लगाई जा रही हैं। इससे स्टेशन के सामने जाम की समस्या हो रही है। इस कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विस्तार
कैंट स्टेशन के सामने नाइट बाजार अब जल्द ही वहां से हट जाएगा। नगर निगम ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब डेढ़ किलोमीटर तक फैले नाइट बाजार में नामित संस्था ने मनमाने तरीके से दुकानें आवंटित कर दीं। इससे वहां पूरे दिन जाम की स्थित बन रही है। अब नगर निगम बाजार को दूसरी जगह शिफ्ट करेगा और यहां यात्रियों और राहगीरों के बैठने की व्यवस्था करेगा।
नाइट बाजार खाली कराकर यहां सीटिंग बेंच, पाथवे, ई रिक्शा हेतु चार्जिंग स्टेशन, स्कल्पचर एवं डेकोरेटिव लाइट, वृहद हार्टिकल्चर के काम कराए जाएंगे। टिन शेड तैयार कराए जाएंगे, ताकि यात्री आराम से बैठ सकें।
नाइट बाजार बनने के बाद कुछ कट बंद कर दिए हैं तो वाहन सवारों को करीब एक किलोमीटर का चक्कर लगाकर आना पड़ता है। यहां कुछ नए कट खोल दिए जाएंगे तो वाहन सवारों को इतना बड़ा चक्कर नहीं लगाना होगा।
नगर निगम ने जिस संस्था को नाइट बाजार की जिम्मेदारी दी थी, वह न तो बाजार में रखरखाव कर सकी और नगर निगम को जितने रुपये देने थे उसका दस फीसदी भी नहीं दे सकी। दूसरी तरफ पूरी सड़क जाम से जूझने लगी। ऐसे में संस्था का अनुबंध भी निरस्त कर दिया गया है। वहीं दुकानदारों की ओर अतिक्रमण भी कर लिया गया था।
बोले अधिकारी
वाराणसी में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों को शहर में प्रवेश करते ही एक उत्तम अनुभव देने तथा उक्त क्षेत्र में सकारात्मक विकास के दृष्टिगत लहरतारा चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे अर्बन प्लेसमेकिंग कार्य को विकसित किए जाने की परियोजना के प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। जल्द ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। - अक्षत वर्मा, नगर आयुक्त