News Update: चिता-भस्म की होली के विरोध में लगे पोस्टर, चार लाख मुकदमों का निपटारा; वाराणसी की चर्चित खबरें
वाराणसी में चिता भस्म होली का विरोध और ऐसे आयोजनों का बहिष्कार करने की अपील की गई है। वहीं, दीवानी कचहरी परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 4,42,742 मुकदमों का निस्तारण हुआ। आईए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
दीवानी कचहरी परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 4,42,742 मुकदमों का निस्तारण हुआ। इस दौरान 25 करोड़ 29 लाख 2225 रुपये की वसूली की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ प्रशासनिक न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
न्यायमूर्ति ने कहा कि अधिक से अधिक वादों का सुलह-समझौतों के आधार पर निस्तारण कराया जाए। लोक अदालत एक ऐसी प्रणाली है जो न्याय को आमजन तक पहुंचाती है। इससे न केवल समय और धन की बचत होती है बल्कि समय से समाधान व शांति को बढ़ावा मिलता है। जनपद न्यायाधीश संजीव पांडे, पीओ काॅमर्शियल कोर्ट पीएन राय, पीठासीन अधिकारी एमएसीटी अश्वनी कुमार दूबे, पीओ लारा किरन पाल सिंह, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरेंद्र बहादुर सिंह, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष संतराम मौजूद रहे।
चिता-भस्म की होली के विरोध में लगाए पोस्टर
शहर की कई गलियों कई जगहों पर पोस्टर लगाए गए हैं। इसमें चिता भस्म होली का विरोध और ऐसे आयोजनों का बहिष्कार करने की अपील की गई है। पोस्टर में निवेदक की जगह काशीवासी का नाम है। सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष अजय शर्मा ने भी चिता भस्म होली पर रोक लगाने की मांग की है।
महाश्मशान नाथ सेवा समिति के मीडिया प्रभारी विकास यादव ने कहा कि महाश्मशान मंदिर में गुलाल से होली खेलने की परंपरा है। इसकी आड़ में कुछ लोग डीजे की तेज आवाज में हुड़दंग मचाते हैं। अव्यवस्था फैलाने वालों का समिति समर्थन नहीं करती है। प्रशासन, ऐसे लोगों को चिह्नित करके उन पर कार्रवाई करें।
एयरपोर्ट से रोज आवाजाही कर रहे 15 हजार यात्री
होली नजदीक आते ही बाबतपुर एयरपोर्ट पर महाकुंभ के बाद एक बार फिर उड़ानों की संख्या बढ़ने लगी है। यात्रियों की आवाजाही भी बढ़ रही है। नई दिल्ली, मुंबई और दक्षिण भारत से अधिक यात्रियों का आगमन हो रहा है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार इस समय रोजाना 82 से 84 उड़ानों से 14 से 15 हजार यात्रियों की आवाजाही हो रही है। महाकुंभ के दौरान यह स्थिति हुआ करती थी।
7 घंटे तक बंद रहेगी जांच सेवा
बीएचयू अस्पताल में रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे यानी 7 घंटे तक रेडियोलॉजिकल सेवाएं (जांच) बंद रहेंगी। अस्पताल के सहायक कुलसचिव एवं प्रशासनिक अधिकारी विश्वजीत साहा ने बताया कि रेडियो डायग्नोसिस एवं इमेजिंग विभाग के अध्यक्ष की ओर से यह जानकारी दी गई है कि रविवार को सुबह इलेक्टि्रक पैनल शिफ्टिंग, डिस्मैंटलिंग, केबल टर्मिनेशन की वजह से सेवाएं बंद रहेंगी।
छुट्टी के दिन भी खुले टैक्स कलेक्शन सेंटर
नगर निगम के टैक्स कलेक्शन सेंटर अवकाश के दिन शनिवार को भी खुले। यह आदेश नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने दिया था। इस साल गृहकर वसूली के लिए 94.09 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 54.89 करोड़ की वसूली हुई है। 39.40 करोड़ की वसूली के लिए नगर निगम मुख्यालय, जोनल कार्यालय के सभी टैक्स कलेक्शन सेंटर अवकाश में भी खुले।
बेटिकट 241 यात्रियों से वसूले 1.61 लाख
कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। 241 बेटिकट यात्रियों से 161885 रुपये का जुर्माना वसूला गया। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी और सहायक वाणिज्य प्रबंधक (तृतीय) विनीत कटियार के निर्देश पर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक चेकिंग हुई। मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह ने बताया कि 25 चेकिंग स्टाफ ने 241 बेटिकट यात्रियों से 1,61,885 रुपये जुर्माना वसूला।
स्वच्छ सर्वेक्षण के भरे जा रहे फीडबैक फाॅर्म
स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए ऑनलाइन फीडबैक फाॅर्म भरे जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से सभी जोन और वार्ड स्तर पर जनता को जागरूक किया जा रहा है। अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन फाॅर्म भरे सकें लिए इसके लिए उन्हें प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगाई गई है। फीडबैक के आधार पर नगर निगम को अंक प्राप्त होंगे।
प्रो. अमिता सिंह को राज्यपाल ने किया सम्मानित
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। लखनऊ में अलंकरण समारोह में काशी विद्यापीठ में समाजशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रो. अमिता को कुलपति प्रो. एके त्यागी, कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने बधाई दी है।
आराध्या क्वींस इंटर काॅलेज में प्रवेश लेने वाली पहली छात्रा
राजकीय क्वींस इंटर काॅलेज में शनिवार से बालिकाओं का प्रवेश शुरू हो गया। मैदागिन के दारानगर की रहने आराध्या पांडेय ने कक्षा नौ में प्रवेश के लिए आवेदन किया। विद्यालय में प्रवेश के लिए पहले दिन कुल नौ बालिकाओं ने फाॅर्म लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय में पहली बार बालिकाओं के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले दिन प्रवेश फार्म भरने वाली सभी बालिकाओं का प्रवेश निशुल्क होगा साथ ही पूरे सत्र की फीस भी माफ होगी। प्रवेश फाॅर्म सोमवार से नियमित मिलेगा।
फैशन डिजाइनिंग की छात्राओं ने लगाई वस्त्रों की प्रदर्शनी
वसंत कन्या महाविद्यालय में गृह विज्ञान विभाग की फैशन डिजाइनिंग की छात्राओं ने हस्तनिर्मित वस्त्रों की प्रदर्शनी लगाई। सर्टिफिकेट कोर्स की छात्राओं ने स्टॉल भी लगाए। कॉलेज की शिक्षकों, छात्राओं ने सामानों की खरीदारी की। प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने बताया कि महाविद्यालय में 2012-13 से यूजीसी एड ऑन कोर्स में तहत फैशन डिजाइनिंग में सर्टिफिकेट कोर्स चलाया जा रहा है। विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता देवड़िया ने बताया कि महिलाओं के सशक्तीकरण में निवेश करना दायित्व है।
आईटीआई में कराई जा रही नौकरी की तैयारी
राजकीय प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में फाइनल ईयर के विद्यार्थियों को नौकरी की तैयारी कराई जा रही है। विद्यार्थियों को इंग्लिश में बोलना, ऑफिस में काम, देश के साथ विदेश में अगर नौकरी के लिए अप्लाई कर रहे हैं तो वहां बात करना सहित कई चीजें सिखाई जा रही हैं। 30 से 45 विद्यार्थियों को बैच बनाया जा रहा है।
सप्ताह में छह दिन तीन घंटे रोज क्लास लेनी होती है। साथ ही रोज यूलिप (ULEAPP) पर टेस्ट देना होता है, जो बहुविकल्पीय होता है। प्रशिक्षक बबिता शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को पहले रजिस्ट्रेशन करना होता है। 30 दिन क्लास पूरी होने के बाद टेस्ट लिया जाएगा। टेस्ट में वहीं विद्यार्थी शामिल होंगे, जिनकी उपस्थिति 90 प्रतिशत होगी।
उपस्थिति ऑनलाइन ली जाती है, इस कारण कोई बदलाव नहीं किया जा सकता, साथ ही इसकी निगरानी ऑफिस से लगातार होती रहती है। क्लास पूरा होने के बाद इन विद्यार्थियों को रोजगार के लिए कंपनी में साक्षात्कार के लिए भेजा जाता है। अच्छी अंग्रेजी बोलकर रोजगार और स्टार्टअप शुरू कर सकते हैं। कोर्स के लिए टेस्ट की तैयारी अच्छे से करें। हर तरह की मदद की जाएगी।
ई-चाक और पत्तल मशीनों का निशुल्क वितरण
उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड, उप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से जिला उद्योग केंद्र सभागार में माटीकला सेमिनार मेंं निःशुल्क 32 विद्युत चालित चाक, 10 निःशुल्क मोटराइज्ड दोना पत्तल मशीन का वितरण किया गया। सभी ब्लॉकों से दो-दो ग्राम प्रधानों को सम्मान स्वरूप 2000 रुपये और खादी अंगवस्त्र व प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।
नगर आयुक्त को कर्मचारी संघ ने भेजा मांगपत्र
नगर निगम कर्मचारी संघ ने शनिवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा को मांगपत्र भेजा। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि मांग पत्र को संबंधित विभागों में उसकी अद्यतन स्थिति के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही संघ को वार्ता के लिए बुलाया जाएगा। संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि निस्तारण 15 दिन में नहीं हुआ तो फिर आमसभा कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
रामरतन प्रांतीय अध्यक्ष व राजीव बने सचिव
भारतीय डाक कर्मचारी संघ के 15वें द्विवार्षिक प्रान्तीय अधिवेशन का समापन शनिवार को सारनाथ के उपवन में हुआ। उत्तर प्रदेश परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार व संघ के राष्ट्रीय जनरल सेक्रेटरी अनंत कुमार पाल के आतिथ्य में कर्मचारियों ने अपने हक की आवाज उठाई। वहीं संघ के पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। नरेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुए चुनाव में राम रतन पाण्डेय प्रांतीय अध्यक्ष तथा राजीव कुमार सिंह प्रांतीय सचिव चुने गए। जगदीश शादेजा प्रांतीय संगठन मंत्री व अनिथा उप सचिव चुनी गई हैं।
होली पर जलापूर्ति के लिए दुरुस्त हो रही व्यवस्था
होली पर बेहतर जलापूर्ति के लिए जलकल की ओर से पानी की टंकी और वाटर सप्लाई स्टेशन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है। ताकि होली वाले दिन किसी प्रकार की कोई दिक्कत न होने पाए और पानी का फिल्टरेशन बेहतर हो। लैब के अधिकारियों को हिदायत दी गई है। महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। जोनवार और वार्डवार अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। टोल फ्री नंबर 1533 को एक्टिवेट किया गया है, ताकि उस दिन आने वाली शिकायतों का निस्तारण किया जा सके।
27 दिव्यांगों को दिए निशुल्क रोबोटिक कृत्रिम हाथ
भारत विकास परिषद वरुणा सेवा संस्थान (ट्रस्ट) की ओर से मछोदरी के बिड़ला अस्पताल में दो दिवसीय शिविर का शुभारंभ विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया। पहले दिन 27 दिव्यांगों को निशुल्क रोबोटिक कृत्रिम हाथ दिया गया। विधायक ने कहा कि संस्था का यह प्रयास सराहनीय है। संस्थापक अध्यक्ष रमेश लालवानी ने कहा कि नए पंजीकरण कराने वालों को भी दिया जाएगा। संचालन ट्रस्ट के सचिव विवेक सूद, धन्यवाद जगदीश झुनझुनवाला ने किया।
करसड़ा कूड़ा डंपिंग प्लांट में लगी आग
करसड़ा कूड़ा डंपिंग प्लांट में शनिवार रात आग लग गई। इससे चारों तरफ धुएं का गुबार छा गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इससे 20 दिन पहले भी कूड़ा प्लांट में आग लगी थी। लोगों का मानना है कि यहां मीथेन गैस बनने के कारण कूड़े में आग लग जाती है।
जिला अस्पताल में सीपीआर का प्रशिक्षण
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में शनिवार को स्वास्थ्य कर्मियों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया। राज्य चिकित्साधिकारी डाॅ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. ब्रजेश कुमार, डॉ. प्रेमप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
निगम के ठेकेदारों ने पीएम-सीएम को भेजा पत्र
नगर निगम काॅन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर भुगतान न होने की शिकायत की है। ठेकेदारों कहा कि लगातार काम कराने के बाद भुगतान न होने से दिक्कत आ रही है। कई बार मेयर और नगर आयुक्त से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। देयकों से अनावश्यक कटौती न की जाए। आनंद विहारी सिंह, सचिव संजय सिंह, आनंद सिंह, प्रदीप सिंह, गोपाल सिंह, दिलीप, अशोक राय रहे।
बिजली चोरी रोकने के लिए बनेगी टीम
पावर काॅरपोरेशन प्रबंधन ने अब योजनाबद्ध तरीके से बिजली चोरी पर अंकुश लगाने का निर्णय लिया है। काॅरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि बिजली चोरी के लिए चर्चित क्षेत्रों (हाॅट स्पाॅट) को पहले चिह्नित करें। ऐसे क्षेत्रों में विजिलेंस और निगम की संयुक्त टीमें पूरी तैयारी के साथ छापा मारें।
बिजली चोरी पकड़े जाने पर कनेक्शन काट दें। चोरी रोकने के साथ कनेक्शन व लोड बढ़ाएं और बिल जमा कराएं। शुक्रवार को सभी डिस्काॅम के प्रबंध निदेशकों की समीक्षा बैठक में हरहाल में बिजली चोरी रोकने की हिदायत दी गई।
डीसीएम में लगी आग, दमकल कर्मियों ने बुझाई
सुरही ओवरब्रिज के पास खड़े डीसीएम में शनिवार अपराह्न आग लग गई। सूचना पाकर दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। इंस्पेक्टर फूलपुर ने बताया कि आग लगने से डीसीएम के अगले हिस्से में नुकसान हुआ। महाराष्ट्र के औरंगाबाद का रहने वाला ड्राइवर आनंद यादव सुरक्षित है।
बरेका में चला स्वच्छता अभियान
बरेका परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व में पश्चिमी उपनगर, बाल उद्यान के सामने कर्मचारी कॉलोनी के बैक लेन एवं पार्क में साफ-सफाई की गई। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से यह संदेश और अधिक प्रभावशाली बनता है, क्योंकि वे समाज की आधारशिला हैं और स्वच्छता को परिवार व समाज में प्रभावी रूप से स्थापित कर सकती हैं।
भारतीय संस्कृति में नारी का स्थान पुरुष से पहल
तेजस्विनी महिला प्रकोष्ठ आर्य महिला पीजी कॉलेज और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में स्त्री आदर्श की गाथा : सीता एवं अहिल्याबाई होल्कर विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई।
महिला संसद में 100 प्रतिभागियों ने की बहस
वसंत महिला महाविद्यालय में महिला संसद में 100 प्रतिभागियों द्वारा महिला विकास से जुड़े सरकार के प्रयासों पर बहस की गई। विपक्ष के आरोपों-प्रत्यारोपों और सवालों के भी उत्तर दिए गए। सुरक्षा, लैंगिक असमानता, आरक्षण, स्वच्छता, महिला हिंसा और वर्तमान कानून व्यवस्था से संबंधित ज्वलंत मुद्दे पर डिबेट की गई। इसमें राजघाट और कमच्छा कैंपस समेत आर्य महिला की छात्राओं ने इसमें भागीदारी की। चुनावी भाषण में पहला पुरस्कार श्रिया सिंह, दूसरा विष्णु प्रिया और तीसरा पुरस्कार चेतना श्री को दिया गया।
20 लाख की डील के आरोप की जांच की मांग
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने यूपी के डीजीपी को शिकायत भेजकर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट और चंदौली क्राइम ब्रांच के इंचार्ज पर 20 लाख रुपये लेकर प्रतिबंधित कफ सीरप के ट्रक को छोड़े जाने के आरोपों की जांच की मांग की है। शिकायत के साथ उन्होंने एक स्क्रीनशॉट भेजा है, जो डील के समय एक व्यक्ति द्वारा भेजा गया बताया जाता है।
छात्रा की मौत की निष्पक्ष जांच के लिए लगाया जाम
नीट की तैयारी करने वाली छात्रा स्नेहा सिंह कुशवाहा की मौत की निष्पक्ष जांच के लिए झारखंड के रामगढ़ के संपूर्ण संकटमोचन फाउंडेशन के बैनर तले सर्किट हाउस तिराहे पर महिलाओं ने जाम लगा दिया। उनका कहना था कि जवाहर नगर विस्तार के रामेश्वरम हॉस्टल में रहने वाली स्नेहा की एक फरवरी को हत्या की गई थी।
किशोरी के अपहरण के आरोप में युवक गिरफ्तार
चौबेपुर थाने की पुलिस ने डुढ़ुवा के 20 साल के शहबान अली को किशोरी के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी के अपहरण के आरोप में उसके भाई ने 28 फरवरी को चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। किशोरी पहले ही बरामद कर ली गई थी।
चाकू-छुरी से हमले का एक और आरोपी गिरफ्तार
मुनारी बाजार में चाकू-छुरी से हमला कर घायल करने के मामले में एक और आरोपी को चौबेपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुनारी निवासी मोहम्मद फिरोज के रूप में हुई है। 19 फरवरी को चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
1166 शीशी प्रतिबंधित सीरप बरामद, आरोपी गिरफ्तार
लालगंज पुलिस ने एक कार से 1166 शीशी प्रतिबंधित सीरप बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आराेपी भाग निकला। लालगंज थाने में एएसपी आपरेशन ओपी सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि नशीली सीरप के साथ तस्कर आने वाले हैं। कार से अभिषेक सिंह निवासी भिखारीपुर, थाना कछवां को गिरफ्तार किया गया। बताया कि सीरप शिवपुर वाराणसी से लेकर महेशपुर और कोरांव क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे थे।
युवक को पीटा, तीन महीने बाद दर्ज हुआ केस
मिर्जामुराद के गौर मधुकर शाहपुर गांव में घर में घुसकर पीटने के मामले में एक युवक तीन महीने बाद पुलिस के पास पहुंचा। भुक्तभोगी हिरालाल ने मिर्जामुराद थाने की पुलिस को बताया कि 7 दिसंबर को गांव के अनिल बिंद, आनंद उर्फ विक्रम बिंद और सुरेश बिंद ने उसके घर आकर गालीगलौज कर मारपीट की। तीनों आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मकान मालिक सहित छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शिवपुर के भरलाई की रहने वाली तुलसा देवी और बगल में मनोज कुमार मौर्य के मकान में गैस सिलिंडर की अवैध तरीके से रीफिलिंग की जाती थी। यह खुलासा छह मार्च को पूर्ति विभाग की टीम के छापे में हुआ। मौके से 66 घरेलू सिलिंडर, रीफिलिंग यंत्र, तौल मशीन सहित अन्य सामग्री बरामद हुई। मकान मालिक तुलसा देवी व मनोज कुमार मौर्य और किरायेदार सुखदेव, पोषण पासवान, राजकुमार व लक्ष्मण कुमार के खिलाफ शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बाइक चोरी में पुलिस ने 5 दिन बाद दर्ज किया केस
जैतपुरा पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में पांच दिन तक पीड़ित को थाने का चक्कर लगाने के बाद शनिवार को चोरी की धारा 303 के तहत मुकदमा दर्ज किया। उस्मानपुरा (अलईपुरा) निवासी राजेश कुमार यादव की बाइक उनके घर के बाहर से 3 मार्च की रात चोरी हो गई।
राजेश ने जैतपुरा थाने पर बाइक चोरी तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया और पीड़ित को थाने का चक्कर लगवाती रही। बाद में अधिकारियों से शिकायत करने पर जैतपुरा पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया। गौरतलब है कि इन दिनों जैतपुरा में बाइक चोरों का गैंग सक्रिय है। चोरों के निशाने पर लोगों के घरों के बाहर खड़ी बाइक रहती है।
गर्मी से पहले जल रहे ट्रांसफाॅर्मर, 80 नए तैयार
पिछले साल गर्मियों में ट्रांसफाॅर्मर और एबीसी तार भी गल कर गिरने लगे थे। इस साल पहले से ही तैयारी तेज कर दी गई है। सभी उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। नए 80 ट्रांसफाॅर्मर भी लगाए जा रहे हैं। भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की कार्यशाला में ट्रांसफाॅर्मरों की मरम्मत का काम भी तेज से चल रहा है।
मंडल के सभी जिलों के लिए एक दिन में 100 केवी व इससे बड़े पांच ट्रांसफाॅर्मरों की मरम्मत की जा रही है। कार्यशाला प्रभारी ने बताया कि यहां पर वाराणसी के साथ ही चंदौली, गाजीपुर के भी 100 केवी से अधिक क्षमता वाले ट्रांसफाॅर्मरों की मरम्मत होती है। मांग अधिक होने पर संख्या बढ़ सकती है।
मेयर की निगरानी में बार कोड का सत्यापन शुरू
शहर के भवनों पर लगने वाले बार कोड का सत्यापन भी किया गया। मेयर अशोक कुमार तिवारी की अगुवाई में वार्डों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसी आधार पर डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली कंपनी को भुगतान किया जाएगा।
बेनिया, हड़हा, हकाक टोला, विंध्याचल गली, रेशम कटरा, गोविंदपुरा, राजादरवाजा भूलेटन आदि मुहल्ले के सभी गलियों में डोर टू डोर कूड़ा उठान का सत्यापन किया गया। नगर निगम के अधिकारियो के साथ घर- घर जाकर बातचीत की गई। पार्षद इंद्रेश सिंह ने कहा कि कई घरों पर बार कोड नहीं पाया गया। जनता को पता ही नहीं की बार कोड लगा क्यों है, और इसका काम क्या है।
तीन देशों से आए दल ने देखा सारनाथ
तीन देशों व भारत के अन्य राज्यों से आए विद्युत नियामक आयोग के 50 सदस्य शनिवार को सारनाथ में राष्ट्रीय चिह्न की चमक देख कर अभिभूत हुए। शाम को लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से भगवान बुद्ध की जीवन यात्रा से रूबरू हुए।
विद्युत नियामक आयोग उत्तर प्रदेश के चेयरमैन अरविंद कुमार के नेतृत्व में नेपाल, श्रीलंका, बांग्लादेश व प्रदेश के अन्य राज्यों से आए नियामक आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए आए 50 सदस्यीय दल ने अपराह्न 3:30 बजे थाई बौद्ध विहार में भगवान बुद्ध की आदमकद प्रतिमा का अवलोकन किया। उपखंड अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने स्मारकों के इतिहास व बुद्ध के जीवन के बारे में जानकारी दी। इस दौरान चेयरमैन देवेंद्र शर्मा,पी राव कुमार, अवर अभियंता राज कुमार, पर्यटक पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार रहे।
101 मेधावी छात्राओं का सम्मान
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की ओर से निवेदिता शिक्षा सदन बालिका विद्यालय तुलसीपुर में शनिवार को होली मिलन समरोह हुआ। 101 मेधावी छात्राओं को नए वस्त्र और अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य डॉ. आनंद प्रभा सिंह ने रोटरी क्लब के सहयोग की सराहना की। डीजीएनडी दिनेश गर्ग ने छात्राओं को भविष्य के प्रति सजग रहने को कहा। अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने आगे भी छात्राओं की जरूरतों को पूरा करने का आश्वासन दिया। संचालन संजीव माहेश्वरी और धन्यवाद ज्ञापन अल्का पोद्दार ने दिया।
डॉल्फिन का संरक्षण जरूरी
रमना ग्राम में शनिवार को निषादराज समुदाय की महिलाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गंगा डॉल्फिन संरक्षण के प्रति गोष्ठी आयोजित की। इसमें डॉल्फिन मित्र प्रियोदीप और दुर्गनाशिनी ने बतायाकि कैसे प्रकृति और गंगा में पाई जाने वाली डॉल्फिन का संरक्षण होना चाहिए। प्रियोदीप ने बताया कि डॉल्फिन को बचाना बेहद जरूरी है।
यह मछली नहीं स्तनधारी जीव है। डॉल्फिन आंखों में लेंस न होने के कारण देख नहीं सकतीं। गंगा डॉल्फिन नदियों के स्वच्छ और मीठे पानी में ही मिलती हैं। यह भारत, नेपाल और बांग्लादेश के गंगा-ब्रह्मपुत्र-मेघना एवं कर्णपुली-सांगु नदी तंत्र में अधिक होती हैं।
राष्ट्रीय चिह्न देख अभिभूत हुए
लाओस का 17 सदस्यीय दल शनिवार को पुरातात्विक स्थलों को देखने के लिए सारनाथ पहुंचा। उन्होंने पुरावशेषों को देखा और उनकी विस्तृत जानकारी ली। बुद्ध से संबंधित पुरावशेषों को देखकर एवं ऐतिहासिकता को जानकर अचंभित हो गए। मिस यूनिवर्स लाओस 2024 मीपूह फिरूंया थीप्पोमवोंग सहित 17 लोगों का दल 8.45 बजे पुरातात्विक उत्खनित स्थल परिसर के मुख्य द्वार पर पहुंचा। सहायक पर्यटन अधिकारी आरके मौर्या ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
सीएम को लिखा पत्र, कुप्रथाएं रोकने की मांग
सिंधी समाज के नेता और पूर्व पार्षद शंकर विशनानी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर समाज में फैली कुप्रथाओं पर रोक लगाने की मांग की है। उनके अनुसार समाज में गैर कानूनी तरीके से खाप पंचायतें चल रही हैं।
सिंधी समाज के चंद लोग अपंजीकृत पंचायतें बनाकर सिंधी भाषी लोगों पर अपनी मठाधीशी कर रहे हैं। साथ ही किसी समाज की पंजीकृत संस्था का अगर समाज चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से होता है। उस पर भी यह लोग फतवा जारी कर दंडात्मक कार्रवाई का आदेश जारी करते हैं। जबकि उच्चतम न्यायालय ने ऐसी खाप पंचायतों पर रोक लगा रखी है।
सीएम को लिखा पत्र, कुप्रथाएं रोकने की मांग
सिंधी समाज के नेता और पूर्व पार्षद शंकर विशनानी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर समाज में फैली कुप्रथाओं पर रोक लगाने की मांग की है। उनके अनुसार समाज में गैर कानूनी तरीके से खाप पंचायतें चल रही हैं। सिंधी समाज के चंद लोग अपंजीकृत पंचायतें बनाकर सिंधी भाषी लोगों पर अपनी मठाधीशी कर रहे हैं।
साथ ही किसी समाज की पंजीकृत संस्था का अगर समाज चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से होता है। उस पर भी यह लोग फतवा जारी कर दंडात्मक कार्रवाई का आदेश जारी करते हैं। जबकि उच्चतम न्यायालय ने ऐसी खाप पंचायतों पर रोक लगा रखी है।
आईडीबीआई बैंक की नेवादा, वाराणसी शाखा का उद्घाटन
आईडीबीआई बैंक की नेवादा, वाराणसी शाखा का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। यह बैंक की वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत 24वीं शाखा है। बैंक के मुख्य महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख रूपेश नागर, महाप्रबंधक एवं उप अंचल प्रमुख अनंत पांडेय ने शाखा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख मनोज कुमार गुप्ता विशिष्ट अतिथि एमएलसी एवं बीजेपी जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, रिजेंसी हॉस्पिटल के सीएएचओ डॉ. अतुल कपूर उपस्थित रहे। बैंक की शाखा प्रमुख आशीष जायसवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद किया।