BHU: 137 में से 60 कोर्स में पीजी करने के लिए NEP पात्रता भी मंजूर, इस कोर्स में लड़कों को नहीं मिलेगा दाखिला
Varanasi News: जियो फिजिक्स में मास्टर ऑफ साइंस टेक करने के लिए दो साल तक फिजिक्स और मैथमेटिक्स दोनों की पढ़ाई होनी चाहिए। इसमें भी पात्रता के दोनों विकल्प है। कंप्यूटर साइंस से एमसीए के लिए बीएससी सीएस को ही दाखिला दिया जाएगा।
विस्तार
बीएचयू में इस बार पीजी में दाखिले के लिए जरूरी योग्यता में नई शिक्षा नीति के तहत हुए बदलावों को भी शामिल किया गया है। बीएचयू के 135 कोर्स में से पीजी के करीब 60 कोर्स ऐसे होंगे जिनमें एनईपी वाले कोर्स को भी पात्रता में शामिल है।
इसके तहत पीजी में प्रवेश पाने के लिए स्नातक के मेजर विषय में कुल क्रेडिट के मुकाबले कम से कम 50 फीसदी से ज्यादा अंक होने चाहिए। वहीं, सामान्य स्नातक की भी योग्यता का विकल्प दिया गया है। बीएचयू ने योग्यता और कोर्स विवरण का पूरा डेटा एनटीए को भेज दिया है। वहीं, एनटीए की वेबसाइट पर पीजी दाखिले की प्रक्रिया चल रही है।
इसके अलावा पीजी का एक कोर्स ऐसा है, जिसमें लड़के प्रवेश नहीं पा सकते। साइंस इन बायो स्टैटस्टिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स सिर्फ छात्राओं के लिए है। इस कोर्स में एनईपी आधारित योग्यता नहीं दी गई है। इसके लिए विज्ञान, इंजीनियरिंग, तकनीक, कृषि, मेडिसीन, वेटनरी साइंस, फार्मास्यूटिक्स विषयों में स्नातक की डिग्री योग्यता में मांगी गई है।
बी.वोक सहित पांच कोर्स वालों को नहीं मिलेगा दाखिला: गृह विज्ञान कला और विज्ञान से पीजी के लिए सिर्फ पांच ब्रांच के छात्र और छात्रा ही प्रवेश पा सकते हैं। इसमें फूड, न्यूट्रिशन, क्लोदिंग, टेक्सटाइल और परिवार संसाधन से स्नातक होंगे। एनईपी और नॉन एनईपी दोनों तरह की योग्यताएं मांगी गई हैं।
पांच कोर्स में स्नातक या एनएसक्यूएफ सर्टिफिकेट होगी पात्रता
बायो केमेस्ट्री से एमएससी करने के लिए छात्र और छात्राओं को दो सेमेस्टर तक केमेस्ट्री की पढ़ाई करनी जरूरी है। बायो स्टैटस्टिक्स से एमएससी करने के लिए स्नातक में दो साल तक गणित विषय हो। पांच व्यवसायिक कोर्स ऐसे हैं, जिसमें दो में से कोई एक योग्यता चल सकती है।
इसमें स्नातक या फिर लेवल सात एनएसक्यूएफ सर्टिफिकेट। यानी नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क के तहत जारी प्रमाण पत्र देकर भी योग्यता पूरी की जा सकती है। इनमें खुदरा एंड लॉजिस्टिक्स प्रबंधन, खाद्य प्रसंस्करण और प्रबंधन, आतिथ्य और पर्यटन प्रबंधन, चिकित्सा प्रयोगशाला प्रौद्योगिकी में व्यावसायिक स्नातकोत्तर, फैशन प्रौद्योगिकी एवं परिधान डिजाइन में पीजी शामिल हैं।