नीट फर्जीवाड़ा: आरोपी एमबीबीएस छात्र ओसामा डॉक्टर बनने के योग्य नहीं, केजीएमयू से निष्कासन के लिए पुलिस आयुक्त ने भेजा पत्र
नीट परीक्षा में फर्जीवाड़े का आरोपी छात्र वाराणसी के जेल में बंद है। वह किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) लखनऊ में एमबीबीएस अंतिम वर्ष का छात्र है। उसे आजीवन कॉलेज से निष्कासित करने के लिए कुलपति को पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश ने पत्र भेजा है।
विस्तार
नीट परीक्षा फर्जीवाडे़ में वाराणसी के जिला जेल में निरुद्ध किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) लखनऊ में एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र ओसामा शाहिद पर कमिश्नरेट पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सॉल्वर गैंग के मुख्य सदस्य ओसामा शाहिद को आजीवन कॉलेज से निष्कासित करने के लिए कुलपति को पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश ने पत्र भेजा है।
कमिश्नरेट पुलिस ने रिपोर्ट में जिक्र किया है कि ऐसे धोखेबाज व्यक्ति जो चिकित्सकीय पेशे को कलंकित कर रहे हैं। अयोग्य व्यक्तियों को डॉक्टर बनवाने के अपराध में लिप्त हैं। इन्हें आजीवन निष्कासित किया जाए। अंतिम वर्ष का रिजल्ट रोकते हुए उसकी जांच भी कराने की मांग पुलिस ने केजीएमयू के कुलपति से की है।
मऊ का निवासी है आरोपी छात्र
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के मुताबिक 12 सितंबर को सारनाथ के सोनातालाब स्थित परीक्षा केंद्र से नीट फर्जीवाड़े में सॉल्वर गैंग की सदस्य जूली कुमारी और उसकी मां बबिता गिरफ्तार हुई थी। तफ्तीश में सामने आया कि मऊ के मोहम्मदाबाद गोहना थाना अंतर्गत शेखवाड़ा निवासी ओसामा शाहिद केजीएमयू में एमबीबीएस अंतिम वर्ष का छात्र है। उसने नीट में असली परीक्षार्थी के स्थान पर सॉल्वर जूली कुमारी को बैठाकर परीक्षा पास कराने का जिम्मा लिया था।
इसके लिए 25 से 30 लाख रुपये की डील हुई थी। ओसामा के कहने पर बिहार के खगड़िया निवासी विकास महतो ने बीएचयू की बीडीएस छात्रा जूली कुमारी के भाई अभय प्रताप को पांच लाख रुपये का लालच देकर बहन को सॉल्वर बनने के लिए तैयार कराया था।
त्रिपुरा की रहने वाली मूल अभ्यर्थी हिना विश्वास की जगह पर ओसामा ने जूली कुमारी को परीक्षा में बैठाया था। इस मामले में पुलिस ने जूली कुमारी, मां बबिता, भाई अभय कुमार, ओसामा शाहिद, विकास महतो और राजू कुमार को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी इस समय जिला जेल चौकाघाट में बंद है। इस आधार पर एक रिपोर्ट केजीएमयू के कुलपति को भेजी गई है।
सॉल्वर गैंग का मास्टरमाइंड पीके अब तक फरार
पढ़ेंः एनटीपीसी के रिटायर्ड कर्मी हत्या मामला: करोड़ों की संपत्ति हथियाने के लिए की गई थी हत्या, पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट