नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप: लीग मुकाबले में यूपी की पुरुष टीम ने तेलंगाना को 3-1, महिलाओं ने असम को 3-0 से हराया
Varanasi News: सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है। इस दौरान लीग मुकाबले में यूपी की पुरुष टीम ने तेलंगाना को 3-1 और महिलाओं ने असम को 3-0 से हराया।
विस्तार
युवा और अनुभवी सितारों से सुसज्जित मेजबान उत्तर प्रदेश की महिला और पुरुष टीमों ने 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में दूसरे दिन सोमवार को सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में जीत की लय बरकरार रखी। लीग मुकाबले में टीमों ने अपने-अपने मैच जीत लिए। वहीं, पुरुष वर्ग का सबसे रोमांचक मुकाबला सर्विसेज और पंजाब के बीच हुआ।
यह मैच पांच सेट तक चला। एक-एक अंक के लिए कांटे की टक्कर हुई। यूपी की महिला टीम ने सोमवार की सुबह आउटडोर कोर्ट पर खेले गए एकतरफा मुकाबले में असम को 3-0 से हरा दिया। यूपी ने पहले सेट में 25-8 से जीत दर्ज की और दूसरा सेट 25-7, 25-8 से अपने नाम कर लिया। मेजबान टीम के खिलाड़ियों की सटीक सर्विस और जोरदार स्मैश के आगे विपक्ष का डिफेंस बेअसर साबित हुआ। तेलंगाना के खिलाफ जीत के लिए यूपी की पुरुष् टीम को बहाना पड़ा।
यूपी ने यह लीग मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया। पहला सेट 25-1 से जीतने के बाद यूपी की टीम को दूसरे सेट में 11-25 से हार का सामना करना पड़ा। मगर टीम ने शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट 25-18, 25-9 से जीत लिया और पूरे अंक अर्जित किए।
इसे भी पढ़ें; हादसा: मुंबई मेल से गिरकर आरपीएफ दरोगा की मौत, छह महीने पहले हुई थी तैनाती; परिवार में मची चीत्कार
दूसरे दिन पुरुष वर्ग का सबसे रोमांचक मुकाबला सर्विसेज और पंजाब के बीच हुआ। यह मैच पांच सेट तक चला। यहां बाजी सर्विसेज की टीम के हाथ लगी। यहां पहला सेट 23-25 से हारने के बाद अंतरराष्ट्रीय सितारों से लैस सर्विसेज की टीम ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 25-16 से अपने नाम किया।
मगर तीसरे सेट में उसे पंजाब ने 26-28 से हराकर चौंका दिया। इससे सर्विसेज के खिलाड़ी मायूस नहीं हुए और धैर्य से खेलते हुए लगातार दो सेट 25-19, 15-10 से जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। इस मैच में एक-एक अंक के लिए दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इस मैच में दिल्ली से भाजपा के सांसद मनोज तिवारी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
उधर, एक अन्य मुकाबले में गुजरात ने मध्य प्रदेश को 25-18, 25-17, 25-19 से पराजित कर लीग मैच में पूरे अंक हासिल किए। अन्य मैचों में तेलंगाना ने मध्य प्रदेश को 25-13, 25-13, 25-20 और दिल्ली ने लद्दाख को 25-9, 25-8 व 25-7 से परास्त कर पूरे अंक हासिल किए।
