राष्ट्रीय खेल दिवस: लालपुर स्टेडियम ए टीम ने जीती बास्केटबॉल प्रतियोगिता, मेजर ध्यानचंद को किया गया नमन
Varanasi News: प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। जीते हुए खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
विस्तार
क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी मंडल के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल लालपुर में मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित 18 वर्षीय बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला लालपुर स्टेडियम ए एवं लालपुर स्टेडियम बी टीम के मध्य खेला गया।
संघर्षपूर्ण मुकाबले में लालपुर स्टेडियम ए टीम 58- 55 से विजेता बनी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एडीएम प्रोटोकाल प्रकाश चंद ने खिलाडियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के अंत में प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शकील अहमद, अकरम महमूद, कनाई तालापात्रा, नागेंद्र चौरसिया, गोरखनाथ यादव, चंद्रभान यादव, मनीष यादव, तरुण कुमार, शिखा सिंह, दिलीप यादव, अमन चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
विकास इण्टर कालेज ने जीता मेजर ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता का खिताब
इस दौरान आयोजित 14 वर्षीय बालक हॉकी प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में विकास इंटर कॉलेज वाराणसी ने विवेक हॉकी एकेडमी हरहुआ को 2-0 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
मैच की शुरुआत से ही विकास इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने लम्बे-लम्बे पास के सहारे विपक्षी टीम विवेक एकेडमी पर अपना दबाव बनाए रखा और खेल के 15वें मिनट में मुहम्मद शमी ने एकल प्रयास से गोल कर विकास इण्टर कालेज को 1-0 से आगे कर दिया।
वहीं खेल के 35वें मिनट में विवेक कुमार ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। यही स्कोर अन्त तक कायम रहा। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। मैच में हॉकी प्रशिक्षक अंकित गुप्ता, सुधीर कुमार सिंह, जावेद खान, मुहम्मद रफीक व जय प्रकाश पटेल ने निर्णायक की भूमिका अदा की ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एडीएम प्रोटोकॉल प्रकाश चंद ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की तथा अंत में वाराणसी हॉकी के संयुक्त सचिव इदरीस अहमद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं पूर्व कप्तान इंडिया शकील अहमद एवं रोजेयर के प्रबंधक दिलीप गुप्ता मौजूद रहे।