जुए में हार के 500 रुपए नहीं देने पर हत्या: वाराणसी में दिवाली की रात किशोर को उसके दोस्त ने मार डाला था, गिरफ्तार
दिवाली की अगली सुबह वाराणसी के गंगापुर के एक खेत में किशोर का शव मिला था। पुलिस ने इस हत्यकांड का खुलासा मंगलवार को किया।
विस्तार
वाराणसी के रोहनिया थाना के गंगापुर में दिवाली की रात किशोर दीपक की हत्या महज पांच सौ रुपये के लिए की गई थी। जुए में हार के पैसे नहीं देने पर घमहापुर के मनोज कुमार ने शराब के नशे में धुत होकर ईंट-पत्थर से वार कर दीपक को मौत के घाट उतारा था। हत्या में आरोपी मनोज को मंगलवार की देर शाम रोहनिया पुलिस ने गंगापुर स्थित बस्ती से गिरफ्तार किया। इस मामले में गांव के सूरज सिंह और टेंगरी सिंह नामजद किए गए थे।
रोहनिया थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्र ने बताया कि पांच नवंबर को गंगापुर स्थित खेत में दीपक कुमार का रक्तरंजित शव मिला था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी मनोज कुमार ने बताया कि दीपावली से कुछ दिन पहले हुए जुआ में दीपक पांच सौ रुपये हार गया था लेकिन पैसा नहीं दिया।
चार नवंबर की रात बस्ती में ही जुआ खेलने के दौरान दीपक से मुलाकात हुई, उस समय सूरज सिंह, रितेश सिंह, सोहन, कमलेश पाल उर्फ बच्ची आदि लोग थे। जुआ खत्म होने पर सूरज सिंह अपनी बाइक से सोहन के साथ बाजार गया। इसके बाद हम और दीपक चकरोड पकड़कर गुल्लू के घर की तरफ शराब पीने के बाद आ गए।
पहले रस्सी से गला कसा, फिर पत्थर से सिर को टकराया
इस बीच जुआ में जीते पांच सौ रुपये बकाया की मांग दीपक से किया तो वह नहीं दिया। इस पर गुस्से में आकर खेत में पड़े एक ईंट से दीपक के सिर वार कर दिया और जैकेट की रस्सी से गला कस दिया। इसके बाद पिलर नुमा पत्थर में कई बार उसका सिर टकराकर लहूलुहान किया। दीपक के अचेत होने पर उसे खेत में छोड़कर भाग गया। दूसरे दिन सुबह जब उसका शव मिला तो परिजनों ने सूरज सिंह व उसके भाई टेंगरी सिंह को नामजद कर दिया।
चचेरे भाई ने चाकू से वारकर किया घायल
आदमपुर थाना अंतर्गत किला कोहना स्थित अजगर शहीद केपास मामूली विवाद में सोमवार रात चचेरे भाई ने भोनू (26) को चाकू से वार कर जख्मी कर दिया। भोनू को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेेंटर में भर्ती कराया गया। किला कोहना निवासी भोनू का अपने चचेरे भाई वसीम से पुराना विवाद चला रहा है।
देर रात वसीम चाकू लेकर भोनू के घर में घुस गया और पेट और सीने पर चाकू से वार कर दिया। भोनू के चीखने और चिल्लाने पर जब आसपास के लोग जुटते तब तक वसीम भाग निकला। मौके पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने भोनू को बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। आदमपुर इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
छात्रा का मोबाइल छीनकर भागी महिला
बुलानाला स्थित अग्रसेन डिग्री कॉलेज के गेट पर मंगलवार को एक छात्रा का मोबाइल लेकर महिला फरार हो गई। पीड़ित छात्रा ने कोतवाली थाने में तहरीर दी। पांडेयपुर निवासी शुभांशी दुबे अग्रसेन डिग्री कालेज में पढ़ती है। दोपहर में शुभांशी क्लास करके जब कालेज से बाहर निकली तो गेट पर एक महिला ने उससे फोन करने के लिए मांगा, मोबाइल मिलते ही महिला गलियों से होकर भाग निकली। इंस्पेक्टर कोतवाली बृजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला की खोजबीन की जा रही है, दर्जनों सीसी कैमरे भी खंगाले गए हैं। ब्यूरो
शिक्षक पर ईंट से हमला
सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान मार्ग पर मंगलवार सुबह एक शिक्षक को पुरानी रंजिश में ईंट से हमला किया गया। पीड़ित शिक्षक ने थाने में तहरीर दी। पहड़िया के रहने वाले राजेश यादव महाबोधि इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं, सुबह विद्यालय जाते समय जैसे ही जीवन ज्योति नेत्रहीन विद्यालय के समीप पहुंचे थे, तभी पहले से ही मौजूद बाइक सवार युवकों ने ईंट पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान आसपास के लोगों के एकजुट होने पर युवक छोड़कर भाग निकले। पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच कर रही है।
अचेतावस्था में मिला युवक, पुलिस ने भिजवाया अस्पताल
मंडुवाडीह थाना अंतर्गत महेशपुर गेट के पास सड़क किनारे मंगलवार सुबह अचेतावस्था में एक युवक मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार युवक चौबेपुर कादीपुर कला के परानापुर का रहने वाला मिथुन है। होश में आने पर युवक ने पुलिस को बताया कि सुबह वह घर से कानपुर जाने के लिए निकला था।
कैंट रोडवेज से उसने प्राइवेट बस पकड़ने के लिए ऑटो लिया। ऑटो से चांदपुर जा रहा था कि रास्ते मे ही ऑटो वाले से किराए को लेकर विवाद हो गया और ऑटो चालक ने उसे महेशपुर गेट के पास उतारकर भाग निकला। थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवक नशे का आदती है, परिजनों से पूछताछ की गई। ब्यूरो
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
कपसेठी थाना अंतर्गत शिवदासपुर के पास पिकअप वाहन के धक्के से घायल हरिश्चंद्र उर्फ प्रधान की सोमवार की देर रात इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वाराणसी-भदोही मार्ग स्थित शिवदासपुर निवासी हरिश्चंद्र उर्फ प्रधान (23) रविवार को पिकअप के धक्के से घायल हुआ था। संवाद