Varanasi News: करोड़ों रुपये की ठगी में मुंबई के युवक को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार, महाराष्ट्र पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लिया
धन दूना का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को एसटीएफ ने शुक्रवार को वाराणसी के मैदागिन से गिरफ्तार किया।
विस्तार
धन दूना का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य को एसटीएफ ने शुक्रवार को वाराणसी के मैदागिन से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महाराष्ट्र में अपनी फर्जी कंपनियां में निवेश कराने के बहाने लगभग दो हजार निवेशकों के करोड़ों रुपये हड़पकर फरार हो गया था।
मुंबई के वसई विरार अंतर्गत भइंदर थाने में मुकदमा दर्ज है। महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लिया। एसटीएफ वाराणसी इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के अनुसार मुंबई पुलिस ने संपर्क साधा कि करोड़ों रुपये धोखाधड़ी का आरोपी कुलदीप राजन रूंगटा वाराणसी में है।
इस आधार पर एसटीएफ फील्ड यूनिट के इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने अपनी टीम के संग घेराबंदी की और मैदागिन स्थित स्टैंड के पास से सुबह में कुलदीप को गिरफ्तार किया। आरोपी भइंदर ईस्ट, न्यू गोल्डेन ईस्ट स्थित सोनम इंद्रप्रस्थ निवासी कुलदीप राजन रूंगटा ने एसटीएफ और वसई विरार पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह अपने परिचित अन्ना गोपाल अमरूते संग मिलकर वर्ष 2018 में तीन प्रोपराइटर कंपनी मीरा भइंदर में खोली।
स्थानीय लोगों से 50 हजार से लेकर करोड़ों रुपये तक कंपनी में जमा कराते थे और ग्राहकों को डेढ़ वर्ष में उनके पैसे को दोगुना करने का लालच देते थे। ग्राहकों के जमा हुए पैसे को अपने डिमेट एकाउंट में जमा कर इस पैसे से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। इनकी तीनों कंपनियों में लगभग दो हजार से भी अधिक लोगों ने करोड़ों रुपये जमा किये थे।
10 दिन पूर्व अन्ना गोपाल अमरूते के संग अपनी तीनों कंपनियों का ऑफिस और मकान बेचकर फरार हो गया था। एसटीएफ के अनुसार आरोपी को कैंट थाने में दाखिल कराते हुए मुंबई की भइंदर पुलिस पूछताछ कर रही है। ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को पुलिस मुंबई ले जाएगी।