वाराणसी: टहल रहे युवक का बदमाशों ने किया अपहरण, बचाओ-बचाओ चिल्लाने पर छोड़कर भागे
कार सवार बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। जब युवक ने चिल्लाना शुरू किया तो वह थोड़ी देर बाद छोड़कर फरार हो गए।
विस्तार
वाराणसी में कार सवार बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। जब युवक ने चिल्लाना शुरू किया तो वह थोड़ी देर बाद छोड़कर फरार हो गए। तब तक सक्रिय हुई पुलिस ने युवक को रास्ते से बरामद कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। फिलहाल अपहरण करने वालों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के अजगरा चौकी क्षेत्र में खरदहा के रमदत्तहा के रहने वाले नंदलाल गोस्वामी का पुत्र प्रद्युम्न(22) खरदहा महदा मार्ग पर टहल रहा था। इसी बीच फॉर्च्यूनर से 5 बदमाशों ने कार रोक कर प्रद्युम्न को अगवा कर लिया।
इसी दौरान युवक जोर-जोर से बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगा। इसी बीच कुछ लोगों ने प्रद्युम्न के अगवा होने की सूचना परिजनों को दे दी। युवक के भाई ने इसकी सूचना पुलिस को दी। चोलापुर थाना प्रभारी के निर्देश पर घेराबंदी कर ली गई।
पुलिस के सक्रिय होने पर बदमाश युवक हाजीपुर के पास छोड़ गए, जहां से युवक बरामद हो गया। इस मामले में चोलापुर पुलिस संदिग्ध मानकर मामले की जांच कर रही है। थाना अध्यक्ष चोलापुर महेश सिंह ने बताया कि प्रद्युम्न मुंबई में फिल्म सिटी में काम करता है। वह लॉकडाउन की वजह से घर पर आया है।
उसने आरोप लगाया गया कि फॉर्च्यूनर गाड़ी सवार पांच बदमाशों द्वारा उसका अपहरण कर लिया गया था। जब उसने बचाओ बचाओ की आवाज लगाई तो बदमाश घर से एक किलोमीटर दूर गोसाईपुर चूड़ीहारी का पूरा छोड़कर भाग गए। मौके से पुलिस युवक को पकड़ कर थाने ले आई।