{"_id":"6a0c24af2367a0e0b50bfb99","slug":"minister-hardeep-singh-puri-retorted-first-remove-media-as-sp-mp-raised-issues-of-corruption-in-varanasi-2026-05-19","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"UP News: सपा सांसदों ने उठाए भ्रष्टाचार के मुद्दे तो मंत्री बोले- पहले मीडिया को बाहर कीजिए, वायरल हुआ बयान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP News: सपा सांसदों ने उठाए भ्रष्टाचार के मुद्दे तो मंत्री बोले- पहले मीडिया को बाहर कीजिए, वायरल हुआ बयान
Tue, 19 May 2026 02:45 PM IST
Pragati Chand
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
Published by: Pragati Chand
Updated Tue, 19 May 2026 02:45 PM IST
सार
Varanasi News: मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मैं जिलाधिकारी होता तो कहता चलो भइया बहुत हो गया, बाहर चलिए, यहां काम करने आए हैं। मंत्री के इस बयान का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जो वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
बैठक में शामिल मंत्री व सांसद
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की अध्यक्षता में सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। इसमें चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने भ्रष्टाचार संबंधी मामले उठाए और जांच की मांग रखी।
विज्ञापन
इसी तरह मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज ने कुछ ब्लैक स्पॉट का जिक्र किया और कहा कि वहां आए दिन हादसे होते हैं। लोगों की जान जाती है। पहले भी मुद्दा उठाया गया था लेकिन सुधार नहीं हुआ। इस बीच बैठक की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अफसरों से कहा कि मीडिया को बैठक से बाहर कर दीजिए। उन्होंने कहा- मैं, जिलाधिकारी होता तो कहता चलो भइया बहुत हो गया। बाहर चलिए। यहां काम करने आए हैं।
विज्ञापन
इस बयान का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर साझा किया जो वायरल हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। विकास कार्यों की गुणवत्ता और उसकी गति बनाए रखनी है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से संपर्क जरूर करें। साथ ही अगले छह महीने का कैलेंडर बनाकर विकास परियोजनाओं की जानकारी दें। वाराणसी के डीएम सत्येंद्र कुमार ने विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि पीएनजी कनेक्शन बढ़ रहे हैं। रोजाना 100 की जगह 400 कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जल्द ही रोजाना 1000 कनेक्शन दिए जाएंगे। पाइप लाइन से गैस की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। अगले दो महीने में सभी घरों को पाइप लाइन से आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्मार्ट सिटी के अब तक पूरे हुए 62 कार्यों के बारे में बताया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, मेयर अशोक कुमार तिवारी, एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह, विधायक डॉ अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ सुनील पटेल, सीएमडी गेल, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, सीडीओ प्रखर कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
वरुणा कॉरिडोर के सीवर और जल निकासी परियोजना में भ्रष्टाचार की जांच हो - वीरेंद्र सिंह
चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने वरुणा कॉरिडोर के सीवर और जल निकासी की परियोजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और जांच की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय के पैथोलॉजी विभाग में भ्रष्टाचार है। सेवापुरी क्षेत्र के मटुका नाला चेक डैम निर्माण की गुणवत्ता और कमच्छा स्थित थियोसोफिकल सोसाइटी की भूमि पर अवैध कब्जे की जांच कराई जानी चाहिए। बीएलडब्ल्यू के गोल्फ कोर्स और कमिश्नरी की बहुमूल्य भूमि को निजी हाथों में दिए जाने के मामलों की भी जांच की मांग रखी। उन्होंने बीएचयू, आईएमएस बीएचयू और ट्रॉमा सेंटर को दिशा समिति के दायरे में शामिल किए जाने का प्रस्ताव भी रखा।