Mayor Swearing-in Ceremony: काशी के मेयर ने गंगाजल हाथ में लेकर संस्कृत में ली शपथ, देखें शानदार तस्वीरें
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेयर के हाथ में गंगाजल दिलवाकर काशी को स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। काशी का विकास मॉडल देश-दुनिया के लोग देख रहे हैं।
विस्तार
शपथ ग्रहण के साथ ही शुक्रवार को शहर में भाजपा सरकार बन गई। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद की मौजूदगी में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने संस्कृत में शपथ ली और हाथ में गंगाजल लेकर काशी को स्वच्छ-सुंदर बनाने का संकल्प दोहराया। केसरिया साफा बांधकर आए भाजपा पार्षदों ने भी शपथ ली है। कांग्रेस, सपा, जनअधिकारी पार्टी के साथ ही निर्दलीय पार्षदों ने भी शपथ ग्रहण किया। उपमुख्यमंत्री ने भी गंगाजल के साथ मेयर व पार्षदों को काशी की जनता के लिए काम करने का संकल्प दिलाया।
यह भी पढ़ें- Nagar Nikay Oath Ceremony: शपथ के बाद नगर आयुक्त ने मेयर को दी चांदी की गदा, हर हर महादेव के जयघोष की गूंज
मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने शुक्रवार की देर शाम रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में मेयर अशोक कुमार तिवारी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद मेयर ने 100 वार्डों से चुने गए पार्षदों को शपथ दिलाई। मेयर ने एक साथ दस-दस पार्षदों को बुलाया, फिर बेहतर कामकाज का संकल्प दिलाया। अशोक ने पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में छठवें मेयर के रूप में शपथ ली है। यह सीट 1995 से ही भाजपा के पास है। पार्टी प्रत्याशी लगातार मेयर का चुनाव जीत रहे हैं। इस बार भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। मेयर के साथ ही 63 पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं। इसका नजारा शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भी देखने को मिला है। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में हर तरफ केसरिया साफा ही नजर आया। भाजपा पार्षद राजेश यादव चल्लू ने भी संस्कृत में शपथ ली है। वह लंबे समय से पार्षद का चुनाव जीत रहे हैं।
सपा पार्षद ने जताई आपत्ति
सपा पार्षद अमरदेव यादव ने शपथ के दौरान नारेबाजी का विरोध किया और मेयर के सामने आपत्ति दर्ज कराई। बबलू शाह सहित दो पार्षद देर से आए। इसलिए देर से शपथ ले सके। इससे पहले राजदुलारी, ममता, गुडिय़ा, श्याम, फुलमती, रानी सहित 10 सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
बंगाली टोला की महिलाओंं ने शंखध्वनि से सभी अतिथियों का स्वागत किया। नगर आयुक्त शिपू गिरि ने शासन की निर्वाचन की अधिसूचना पढ़ी और मेयर को शपथ दिलाने के लिए मंडलायुक्त को आमंत्रित किया। उप मुख्यमंत्री का स्वागत मंडलायुक्त किया। मेयर का स्वागत पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन ने किया। इस दौरान राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, जिलाधिकारी एस राजलिंगम, विधायक नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेयर के हाथ में गंगाजल दिलवाकर काशी को स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। काशी का विकास मॉडल देश-दुनिया के लोग देख रहे हैं। इसे आगे बढ़ाना है। इस बीच मेयर ने कहा कि महीने में एक दिन सभी पार्षदों के साथ शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सफाई अभियान चलाया जाएगा।
पूरे देश की छाती 56 इंच की हुई
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि काशी के सांसद की कार्यशैली से पूरे देश की छाती 56 इंच की हो जाती है। अमेरिका के राष्ट्रपति व आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री उनकी तारीफ करते हैं। प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में भाजपा का परचम लहराया है। सभी जीत एक तरफ और काशी की जीत एक तरफ है। उन्होंने कहा, जब भी प्रयागराज से काशी या काशी से प्रयागराज आता-जाता हूं तो सड़क मार्ग हवाई मार्ग लगता है। नगर निगम में प्रचंड बहुमत दिलाने के साथ ही काशीवासियों ने ट्रिपल इंजन की सरकार बनाई है। आने वाले दिनों में विकास की रफ्तार और तेज होगी। बनारस स्मार्ट सिटी में चौथे स्थान पर है। आने वाले दिनों में नंबर वन हो जाएगा।
पीएम के सच्चे सिपाही के रूप में करूंगा काम
मैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिपाही के रूप में काशी के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ूंगा। जाने-अनजाने में मेरी ओर से काशी और भाजपा की गरिमा को ठेस नहीं पहुंचेगी। सबका दिन अपने कामकाज से जीतना है। किसी को ऐसा नहीं लगेगा कि मैंने, किसी गलत व्यक्ति का चुनाव किया है। जनता के सुझावों को आत्मसात कर निरंतर काशी के विकास में भागीदार रहूंगा। - अशोक तिवारी, मेयर
रजिया बेगम सहित चार महिला पार्षदों ने उर्दू में शपथ ली है। इस चुनाव में 15 मुस्लिम पार्षद चुने गए हैं। छह-छह पार्षद सपा व कांग्रेस के हैं। तीन निर्दलीय मुस्लिम प्रत्याशी भी चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं।