दुल्हन की तरह सज रही काशी: एक-एक डिवाइडर को चमकाने में लगाए 50 मजदूर, पीएम के आगमन की तैयारियां जोरों पर
काशी में मॉरीशस और भारत के पीएम के आगमन की तैयारियों में पूरा अमला जुटा है। शहर के डिवाइडरों पर पेंटिंग का कार्य किया जा रहा है। यहां आकर्षक गमले लगाए जाएंगे।
विस्तार
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी आएंगे। उनके आगमन की तैयारियां जोरों पर चल रही है। जिसे मुकम्मल कराने में पूरा अमला लगा है। शहर के एक-एक डिवाइडरों को चमकाने में 40 से 50 मजदूर लगाए गए हैं। सड़कों काे चमाचम किया जा रहा है।
साफ सफाई के अलावा पेड़ों की कटिंग, डिवाइडरों की धुलाई, पेटिंग, लाइटिंग आदि के कार्य कराए जा रहे हैं। मंडुवाडीह पर फ्लाईओवर निर्माण का काम बंद कर दिया गया है। कार्यदायी एजेंसी ने सामान समेट लिया है। इसी प्रकार भिखारीपुर बंगाल स्वीट हाउस के पास कूड़ा घर था। जिसे खत्म कर सड़क बना दी गई है। बाबतपुर सर्किट हाउस तक पेड़ों की कटिंग, धुलाई, पेटिंग, लाइटिंग आदि के कार्य कराए गए। फुलवरिया फोरलेन के दोनों पुलों पर एक डिवाइडर की रंगाई करने के लिए 40 से 50 मजदूर लगाए गए हैं।
बाबतपुर से सर्किट हाउस, सर्किट हाउस से पुलिस लाइन, पुलिस लाइन से ताज होटल, लहरतारा से लंका होते हुए रविदास घाट मार्ग के डिवाइडरों की मरम्मत के साथ साथ साथ रंगाई पुताई चल रही है। नगर निगम की ओर से डिवाइडरों पर आकर्षक गमले लगाए जाएंगे। इसके लिए उद्यान विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। ताज होटल के आसपास आकर्षक गमले के साथ लाइटिंग का प्रबंध किया गया है।
बारिश को देखते हुए करें तैयारी, गाड़ियों के आवागमन में कोई दिक्कत न हो
मुख्य सचिव दीपक कुमार (वर्तमान प्रभार) की अध्यक्षता में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित काशी आगमन को लेकर की जा रही तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की गई। इसमें मुख्य सचिव और डीजीपी राजीव कृष्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। कमिश्नर एस राजलिंगम व पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए, की गई तैयारियों को पीपीटी के माध्यम से रखा।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि बारिश को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां की जाएं, ताकि गाड़ियों के आवागमन में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने पूरे कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और मूवमेंट को लेकर उचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिए।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने सुरक्षा के मजबूत प्रबंध के साथ किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए।बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, सीडीओ हिमांशु नागपाल, सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा मौजूद रहे।
वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों का सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने हाल जाना। इस दौरान यातायात प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्था पर मातहतों को विशेष दिशा निर्देशित किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था हर हाल में सुचारू रहे, जिससे नागरिकों के साथ-साथ एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी किसी प्रकार की बाधा न हो। इसके अलावा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती और चौकसी बढ़ाई जाए।
पुलिस आयुक्त ने रिजर्व पुलिस लाइन और शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस लाइन मुख्य द्वार, परेड ग्राउंड व हेलिपैड का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही पुलिस लाइन से चौकाघाट, घौसाबाद होते हुए ताज होटल व कचहरी चौराहा तक का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (लाइन) प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (लाइन) वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त (लाइन) ईशान सोनी आदि रहे।
एसपीजी पहुंची, सुरक्षा-व्यवस्था परखी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले एसपीजी की टीम सोमवार को काशी पहुंची। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण भी किया। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से कई चक्र में बैठक की है।
