जौनपुर: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप
जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मैनीखुर्द गांव में शनिवार की रात संदिग्ध हाल में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छानबीन की जा रही है।
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के ऊंचनी खुर्द गांव निवासी स्व रामजीत गौड़ की पुत्री वंदना(24) की शादी जून 2019 में सरायख्वाजा के मैनीखुर्द गांव निवासी विजय कुमार गौड़ के साथ हुई थी। विवाहिता के भाई नीलू का आरोप है कि विजय की पहले भी एक शादी हो चुकी है। इसे छिपाकर बहन से दूसरी शादी कराई गई।
शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले वंदना का उत्पीड़न करते थे। शुक्रवार की रात को भी उसकी पिटाई की गई थी। शनिवार की दोपहर में उसे फोन कर बताया गया कि बहन की तबीयत खराब है, उसे अस्पताल ले जा रहे हैं।
इसके बाद देर शाम तक कोई संपर्क न होने पर वह मैनीखुर्द पहुंचा तो वंदना की मौत हो चुकी थी। शव चारपाई पर पड़ा था। सूचना पाकर सरायख्वाजा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया।
एसओ सुधीर कुमार के अनुसार, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। विवाहिता के भाई ने तहरीर दी है।