Varanasi: 100 वर्गमीटर में घर और 30 वर्गमीटर में दुकान के लिए नहीं पास कराना होगा नक्शा, मंत्री ने कही ये बात
Varanasi News: वीडीए की ओर से चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 और आदर्श जोनिंग रेगुलेशन-2025 की कार्यशाला हुई।
विस्तार
अब 100 वर्गमीटर में घर और 30 वर्ग मीटर में दुकान बनाने के लिए नक्शा पास कराना जरूरी नहीं है। बस एक रुपये टोकन मनी देकर पंजीकरण कराना होगा। यह बातें राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2025 और आदर्श जोनिंग रेगुलेशन-2025 की कार्यशाला में कहीं।
वीडीए की ओर से बृहस्पतिवार को चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में कार्यशाला हुई। उन्होंनें बताया कि इस नियम से आम जनता को काफी फायदा होगा। घर में व्यावसायिक निर्माण कराने पर चार्ज कम लगेगा। ग्रुप हाउसिंग बनाने वालों को फायदा होगा। कम जमीन पर ज्यादा निर्माण कर सकेंगे। इससे आवास के दाम में कमी आएगी। चार जुलाई से यह नियम लागू किया गया है।
इस तिथि से भवन बनवाने वालों पर यह लागू होगा। पहले नक्शा पास कराने में 30 से 35 हजार रुपये खर्च होते थे। जिससे लोगों को मुक्ति मिली है, लेकिन बिल्डिंग बाइलाज के अनुसार ही निर्माण कराना होगा। इसका उल्लंघन करने पर वीडीए कार्रवाई कर सकता है।कार्यशाला में राज्यमंत्री ने कहा कि शहर के व्यवस्थित विकास के लिए वीडीए, रजिस्ट्री, थाना-पुलिस विभाग का भय खत्म करना है।
इसे भी पढ़ें; Sports: पुर्तगाल में अंडर-55 में खेलेंगी काशी की मंजू खरे, फुटबॉल नर्सरी के 5 खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति
इसका व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवा की सहभागिता प्राप्त करते हुए जागरूकता अभियान और कार्यशाला का आयोजन करें। जिससे उपविधि और आदर्श जोनिंग रेगुलेशन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने की। वीडीए उपाध्यक्ष और नगर नियोजक प्रभात कुमार ने उपविधि और रेगुलेशन की बारीकियां बताईं। सभी अतिथियों ने उपविधि और रेगुलेशन के पुस्तक का विमोचन किया।
ये रहे विशिष्ट अतिथि
कार्यशाला के विशिष्ट अतिथियों में राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मेयर अशोक कुमार तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, विधायक सेवापुरी नीलरतन पटेल नीलू, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, वीडीए बोर्ड के सदस्य अंबरीश सिंह भोला, साधना वेदांती आदि मौजूद रहे।