यूपी: पुलिस के सामने युवक की पिटाई, दो पक्षों में हुआ पथराव
मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के कहिनौर गांव के मोड़ पर मंगलवार की शाम मारपीट मामले की जांच के लिए पुलिस के पहुंचने पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों ओर से पथराव हो गया।
इसमें एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। इसमें से दो को अस्पताल भेजा गया। सूचना पर फोर्स के साथ पहुंचे अधिकारियों ने मामला शांत कराया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
छह जनवरी की रात मछली व्यवसायी अवधेश कुमार(25) पुत्र शीतल को कुछ मनबढ़ों ने पीटकर घायल कर दिया था। मामले की जांच करने मंगलवार को सीओ नगर राजकुमार और चौकी प्रभारी कुश्मौर धनंजय सिंह पहुंचे। सीओ ने घायल की मां मैना देवी और पिता शीतल का बयान लिया और लौट गए। जबकि चौकी प्रभारी, सिपाही के साथ मौके पर थे।
तभी वहां खड़े एक पक्ष के युवक ने दलित युवक को गालियां देनी शुरू कर दी। इस दौरान दलित युवक की पिटाई कर दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। पथराव में दलित बस्ती निवासी सतीश(20), उदयचंद्र(18), अमरजीत(22), अश्वनी(18) और 12 वर्षीय आंचल घायल हो गए।
इस दौरान बब्बन सिंह के मकान पर लगी पानी की टंकी टूट गई। कुछ बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। एएसपी एसके श्रीवास्ताव ने बताया कि दलित पक्ष की तरफ से तहरीर मिली है। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।