Varanasi: सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के आरोप में ज्ञानवापी मामले के पक्षकार सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, ये है मामला
यूपी कॉलेज परिसर की मजार में नमाज के नाम पर गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी के आरोप में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इस मामले में शुक्रवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी कॉलेज स्थित मजार-मस्जिद में नमाज के नाम पर गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में ज्ञानवापी मामले के पक्षकार अलावल, लोहता निवासी मुख्तार अहमद सहित चार आरोपियों को शुक्रवार को शिवपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। तीन अन्य आरोपियों की पहचान चुप्पेपुर, गिलट बाजार निवासी सगे भाई अफरोज खान, आदिल खान व फिरोज खान के रूप में हुई है।
12 लोगों के खिलाफ दर्ज हैं मुकदमे
यूपी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह की तहरीर पर बृहस्पतिवार को शिवपुर थाने में दो नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि यूपी कॉलेज परिसर स्थित मजार और मस्जिद में नमाज के नाम पर गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विवादित बयानबाजी का यू-ट्यूब लिंक भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। आरोपियों में अलावल, लोहता का मुख्तार अहमद और भोजूबीर का गुलाम रसूल व 10 अज्ञात शामिल हैं।
वक्फ बोर्ड ने कॉलेज परिसर के अंदर स्थित मस्जिद के संबंध में जारी किया था नोटिस
प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि छह दिसंबर 2018 को उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के तत्कालीन सहायक सचिव ने यूपी कॉलेज परिसर के अंदर स्थित मस्जिद के संबंध में नोटिस जारी किया था। उस नोटिस को वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने 18 जनवरी 2021 को निरस्त कर दिया था। इससे यह स्पष्ट है कि वर्तमान में यूपी कॉलेज परिसर पर वक्फ बोर्ड का अब कोई दावा नहीं है। जो भी जमीन है, वह यूपी कॉलेज के नाम है। इसके बावजूद मुख्तार अहमद और गुलाम रसूल के अलावा 10 अज्ञात लोगों ने कॉलेज परिसर का सौहार्दपूर्ण माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
क्या बोले अधिकारी
इस संबंध में डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने बताया कि शिवपुर थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर साइबर सेल से तस्दीक करा कर चार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।