चौथी पर घोड़ी चढ़ने की कर रहा था तैयारी तभी आ धमकी तीसरी पत्नी, उसके बाद हुआ ऐसा हाल
चौथी शादी करने जा रहे अधेड़ के अरमानों पर उस समय पानी फिर गया जब तीसरी पत्नी की शिकायत पर पुलिस पहुंच गई और अधेड़ को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। मिर्जापुर जिले के राजगढ़ क्षेत्र के हनुमान मंदिर पर सोमवार की शाम को चौथी शादी कर रहे अधेड़ को पुलिस ने तीसरी पत्नी की शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधेड़ के साथ उसके साथियों को भी पकड़कर थाने ले आई। मंगलवार को पुलिस ने अधेड़ और उसके साथियों को 151 में चालान कर दिया।
जिले के चुनार कोतवाली क्षेत्र के कोलना गांव निवासी एक अधेड़ तीन शादी कर चुका है। पहली पत्नी की मौत हो चुकी है और दूसरी पत्नी को उसने छोड़ दिया। तीसरी शादी उसने वाराणसी निवासी महिला से की। इससे उसको दो पुत्र हैं। इसके बाद भी अधेड़ चौथी शादी कर रहा था।
अधेड़ सोमवार की शाम को अपने साथियों के साथ मड़िहान के एक गांव निवासी युवती के साथ राजगढ़ के हनुमान मंदिर पर शादी करने के लिए पहुंचा था। यह बात उसकी तीसरी पत्नी को पता चल गई। वह पुलिस को लेकर मंदिर पर पहुंची। पहले तो पति ने विरोध कर धमकाया, पुलिस के आने पर शांत हुआ।
पुलिस दूल्हे और उसके साथियों को पकड़कर थाने ले आई और सभी का 151 में चालन कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि शादी करने वाले ने तीसरी पत्नी से तलाक के कागजात दिखाए। पत्नी ने तलाक देने से इससे इनकार किया और मारपीट की तहरीर दी। मारपीट मामले में चालान किया गया।