आसमान से बरसी आफत: वाराणसी में छत पर फोन से बात कर रहे किराना कारोबारी पर गिरी बिजली, मौत
पांडेयपुर स्थित हुकुलगंज निवासी अंशु गुप्ता (26) वर्ष पुत्र डब्लू गुप्ता किराना की दुकान चलाता है। छत पर वह मोबाइल से बात कर रहा था। जहां अचानक उस पर बिजली गिर गई और झुलस गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी के हुकुलगंज में बुधवार दोपहर छत पर मोबाइल से बात कर रहे किराना कारोबारी पर बुधवार दोपहर बिजली गिर गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। एसडीएम सदर ने मौके पर पहुंच पीड़ित परिजनों से हादसे के बाबत जानकारी ली। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
लालपुर-पांडेयपुर थाना अंतर्गत हुकुलगंज राधा कटरा निवासी मनोज गुप्ता का पुत्र नैतिक गुप्ता उर्फ अंशु (26) वर्ष दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर छत पर किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी बीच हल्की बारिश के बीच तेज आवाज के साथ तड़की बिजली की चपेट में नैतिक आ गया।
छत पर हो गए गहरे गड्ढे
इतनी तेज आवाज के साथ बिजली गिरी कि छत पर दो जगहों पर गहरे गड्ढे भी हो गए। वहीं जिस तरफ से नैतिक मोबाइल पर बात कर रहा था, मोबाइल का वह हिस्सा भी झुलस गया। आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे तो नैतिक अचेतावस्था में पड़ा हुआ था। परिजन नैतिक को लेकर तुरंत खजुरी स्थित निजी अस्पताल भागे, जहां चिकित्सकों ने जवाब दे दिया।
इसके बाद परिजन दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने नैतिक को मृत घोषित कर दिया। यह सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लालपुर-पांडेयपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लिया। बिजली की चपेट में आकर हुई मौत पर एसडीएम सदर भी राजस्व कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शासन से मिलने वाले आर्थिक सहायता राशि दिलवाने को आश्वस्त किया। पिता मनोज और अन्य परिजन बेसुध रहे। पति के निधन की सूचना मिलते ही पत्नी अचेत हो गई।
बेटी का खिचड़ी लेकर आए ससुर के सामने ही दामाद ने तोड़ा दम
नैतिक गुप्ता उर्फ अंशु की दो साल पूर्व ही लालपुर-पांडेयपुर में शादी हुई थी। दोपहर में ही नैतिक के ससुर विक्रम अपनी बेटी के लिए खिचड़ी लेकर आए थे। उनके सामने ही दामाद की मौत हो गई। इस घटना ने विक्रम को हिलाकर रख दिया। गमगीन और बेसुध विक्रम यही कहते रहे कि ईश्वर ने इतना बड़ा अनर्थ क्यों कर दिया। नैतिक का आठ माह एक पुत्र है।
व्यापारियों ने बंधाया ढांढ़स
नैतिक गुप्ता की असमायिक मौत पर व्यापारियों ने दुख व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी। वाराणसी व्यापार मंडल काशी प्रांत के अध्यक्ष प्रमोद अग्रहरी, महामंत्री सनी जोहर, चंद्र भूषण दास, बबलू चौहान, बबलू गुप्ता, कन्हैया अग्रहरी आदि व्यापारियों ने घर पहुंचकर दुख की इस घड़ी में परिजनों को संबल प्रदान किया। वहीं मनोज अग्रहरि, राजेश वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, जलद वर्मा, बबलू वर्मा, हैप्पी, आयुष यादव आदि व्यापारी मौजूद रहे।