फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   major news of Varanasi 28 lakh looted and assaulted two accused of liquor smuggling arrested

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें : 28.35 लाख हड़प कर की मारपीट, शराब तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार

Mon, 18 Nov 2024 09:37 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Mon, 18 Nov 2024 09:37 AM IST
सार

Varanasi News : वाराणसी के जैतपुरा थाने में तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं, ट्रेन के रास्ते अवैध तस्करी करने वाले शराब तस्करी के दो आरोपियों को कैंट आरपीएफ और जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
major news of Varanasi 28 lakh looted and assaulted two accused of liquor smuggling arrested
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सलारपुरा निवासी फजल अंसारी की तहरीर पर उस्मानपुरा निवासी तीन भाइयों के खिलाफ 28.35 लाख रुपये हड़प कर मारपीट और धमकाने के आरोप में जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। फजल अंसारी ने पुलिस को बताया कि वह साड़ी का कारोबार फिरोज के साथ किए थे। कारोबार के बाद फिरोज पर उनका 28.35 लाख रुपये बकाया था। फिरोज ने उन्हें 82 चेक दिए, लेकिन सभी बाउंस कर गए। गत नौ नवंबर को वह फिरोज के घर पैसा मांगने गए। इस पर फिरोज और उसके भाई मकबूल व फहीम ने उन्हें मारापीटा। साथ ही धमकी दी। 

विज्ञापन


प्रभु घाट पर पर्यटकों और नाविकों में मारपीट
भेलूपुर थाना क्षेत्र के प्रभु घाट पर बीती शाम दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मौजूद लोगों के अनुसार घाट पर पर्यटकों का दल घूमने के लिए आया था। उनमें से एक युवती नाव पर बैठकर तस्वीर लेने चली गई। वहां मौजूद नाविक ने उसपर आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों में तू-तू-मैं-मैं शुरू हो गई।
विज्ञापन


नाविक की तरफ से हाथापाई शुरू हुई तो दूसरे पक्ष के युवक भी भिड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कराया। उसके बाद नाविक के पक्ष के लोगों ने मारपीट का वीडियो बनाने वालों के साथ हाथापाई की। घटना की सूचना पाकर मौके पर अस्सी चौकी प्रभारी राहुल मौर्या फोर्स के पहुंचे। मारपीट में एक नाविक और एक पर्यटक का सिर फट गया। जबकि, चार अन्य लोगों को मामूली चोट लगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

टायर फटने से एसयूवी पलटी, छह घायल
गोंडा-अयोध्या मार्ग पर परसापुर गांव के पास टायर फटने से बोलेरो पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। सभी को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से तीन घायलों को गंभीर हालत में अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे का शिकार हुए लोग वाराणसी के हैं और बहराइच के दरगाह शरीफ से अयोध्या के राममंदिर जा रहे थे। वाराणसी के जंसा हाथी बाजार थाना क्षेत्र निवासी विशाल गुप्ता बोलेरो से परिजन के साथ बहराइच स्थित दरगाह शरीफ गए थे। 

बोलेरो ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ी
हुकुलगंज तिराहे पर बीती रात एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे गए ट्रांसफॉर्मर से टकरा कर उसके ऊपर चढ़ गई। हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। बोलेरो की चपेट में आकर एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक को अचानक चक्कर आ गया था। इसी वजह से वह बोलेरो से नियंत्रण खो दिया था और हादसा हुआ। सूचना पाकर लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने बोलेरो को सड़क से हटवा कर आवागमन शुरू कराया। 

चालक का शव डिपो के द्वार पर रख किया हंगामा
लंका भीटी के समीप एक कंपनी के डिपो के बाहर बीती शाम कंटेनर चालक के शव को रखकर उसके परिजन और साथी हंगामा करने लगे। सभी चालक के परिवार के लिए मुआवजा की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर पहुंची रामनगर थाने की पुलिस ने डिपो के मैनेजर विवेक पांडेय से फोन पर बात की। मैनेजर ने 25 हजार रुपये तत्काल देने के साथ ही चालक की पत्नी को हर माह चार हजार रुपये देने का लिखित आश्वासन दिया। तब जाकर सभी लोग शांत हुए।

करोड़ों की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
बालू का ठेका दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी के मामले के आरोपी सोनभद्र जिला के सुमन नगर, ओबरा निवासी संजय कुमार विश्वास को लंका थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध एनआई एक्ट के तहत विभिन्न मुकदमे विचाराधीन हैं। अभियुक्त द्वारा तमाम लोगों को बालू का ठेका दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की गई है। 

82 लाख में ली गई जमीन बैंक की बंधक निकली
नेवादा स्थित साईं स्वरूप अपार्टमेंट में रहने वाले शुभम सिंह की तहरीर पर चितईपुर थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। शुभम ने बताया कि वर्ष 2022 में रवींद्रपुरी में रहने वाले और बिहार के कैमूर जिले के आदर्श नुवांव गांव के मूल निवासी राजीव सिंह उर्फ बबलू सिंह से 82 लाख रुपये में उन्होंने जमीन का बैनामा कराया।

जमीन के कागजात चेक कराने पर पता लगा कि वह मोहनिया स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा बंधक घोषित है। इस संबंध में राजीव से बात करने पर उन्होंने 61 लाख 75 हजार रुपये कई किस्त में लौटाए। शेष पैसा मांगने पर अब राजीव द्वारा गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी जाती है।

1.49 लाख रुपये खाते से उड़ाए
महामनापुरी कॉलोनी निवासी डॉ. मोहन लाल गुप्ता को साइबर जालसाजों ने एक लाख 49 हजार रुपये की चपत लगा दी। डॉ. गुप्ता ने बताया कि उनके घर में पीएनजी कनेक्शन है। उसी के भुगतान के लिए एक व्यक्ति ने फोन किया तो उन्होंने उसे गूगल पे किया। बाद में उनके खाते से एक लाख 49 हजार रुपये गलत तरीके से निकाल लिए गए। 

कैंट स्टेशन से शराब तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार
ट्रेन के रास्ते अवैध शराब तस्करी के दो आरोपियों को कैंट आरपीएफ और जीआरपी ने रविवार को प्लेटफार्म संख्या एक से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से अंग्रेजी शराब के 96 टेट्रा पैक बरामद हुए। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान दुलार चंद्र मुखिया और चंदन मुखिया निवासी बल्थरी थाना घनश्यामपुर दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई। 

कपड़ा व्यापारी से मारपीट कर कान काट लिया
दशाश्वमेघ थाना क्षेत्र के गणेश महाल में रहने वाले व्यापारी उदय कुमार गुप्ता की दुकान में घुस कर एक मनबढ़ गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर दुकान में घुस कर मनबढ़ ने उदय के साथ मारपीट की और उनके बाएं कान को दांत से काट लिया। इस दौरान मनबढ़ ने उदय की सोने की चेन भी तोड़ दी। घटना के संबंध में उदय की तहरीर पर उनके इलाके में ही रहने वाले तोनू के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई के मामले में दरोगा हटा 
भाजपा कार्यकर्ता आयुष सोनकर की पिटाई करने वाले एसआई अच्युतानंद चतुर्वेदी को डीसीपी काशी जोन ने रामनगर थाने से हटा दिया है। दरोगा को जैतपुरा थाने स्थानांतरित किया गया है। दो दिन पहले भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह और भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष अर्जुन शर्मा के नेतृत्व में दरोगा सहित दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रामनगर थाना परिसर में धरना दिया था। उच्चाधिकारियों ने देव दीपावली के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। वहीं, दूसरी तरफ दरोगा के अलावा दो अन्य पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न होने पर भाजपा नेताओं ने डीसीपी काशी जोन से शिकायत की है। 

एफसीआई से रिटायर्ड बुजुर्ग ने फंदा लगाकर जान दी
नाथूपुर नई बस्ती निवासी प्रेमलाल (72) ने रविवार की शाम फंदा लगाकर जान दे दी। एफसीआई से सेवानिवृत्त की मानसिक स्थिति सही नहीं थी और गत 15 वर्ष से उनका उपचार चल रहा था। सूचना पाकर मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को परिजनों ने बताया कि प्रेमलाल रविवार की सुबह नौ बजे से घर से गायब थे। घर के सामने मौजूद पुराने घर में वह फंदे के सहारे लटके मिले। परिवार में पत्नी, एक बेटा और बहू है। उनकी पांचों बेटियों की शादी हो चुकी है। 

मजदूरों की संख्या बढ़ाकर तेजी से कराएं काम 
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में चहारदीवारी कार्य का निरीक्षण किया। कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए कि काम की गुणवत्ता बढ़ाएं और मजदूरों की संख्या बढ़ाकर तेजी से काम पूरा करें। उन्होंने कहा कि दीवार का निर्माण इस तरह से करें कि संस्कृत के श्लोक और आकर्षित करने योग्य पेंटिंग बनाई जा सके। दीवार निर्माण का काम पूरा होने के बाद पेंटिंग के निर्देश दिए। 

सुनिधि ने कथक से की मां दुर्गा की स्तुति
दीनदयाल हस्तकला संकुल में वस्त्र मंत्रालय और सुबह ए बनारस की ओर से रविवार को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। सुनिधि पाठक ने कथक की शुरुआत देवी स्तुति जय जय जगजननी देवी... से की। इसके बाद पारंपरिक कथक से आनंदित किया जिसमें थाट, उठान, तोड़ा, आमद, परन, टुकड़े, तिहाई को कुशलता से पेश किया। समापन शिव भजन डिमिक डिमिक कर डमरू बाजे प्रेम मगन नाचे भोला... से किया। कार्यक्रम समन्वय डॉ. रत्नेश वर्मा एवं संचालन अंजना झा ने किया। स्वागत गोपेश मौर्य और कलाकारों को प्रमाण पत्र अजय श्रीवास्तव ने दिया। 

विष्णुप्रिया ने सिंधु भैरवी में छेड़ी तान
सुबह ए बनारस के मंच पर रविवार को दक्षिण भारत की कलाकार विदुषी विष्णु प्रिया भारद्वाज का गायन हुआ। उन्होंने गायन की शुरुआत राग सिंधु भैरवी में आदि ताल में निबद्ध आदि पुरुष... से की। इसके बाद राग भीमपलासी में निबद्ध रचना नम: शिवाय सुनाकर आनंदित किया। समापन भजन गणपतये...से हुआ। मृदंगम पर डॉ. सत्यवर प्रसाद और बांसुरी पर डॉ. शनीष ग्यावली ने संगत की। कलाकारों को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया। 

भागवत गीता के सस्वर पाठ में जया प्रथम 
निवेदिता शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में आयोजित श्रीमद्भागवत गीता सस्वर प्रतियोगिता में कक्षा सात की छात्रा जया चौधरी को प्रथम स्थान मिला है। सरस्वती इंटर कॉलेज की छात्रा जया मूलरूप से मणिकर्णिका घाट की निवासी है। वह मीर घाट शाखा के सुंदरयान फाउंडेशन में पढ़ती है और संस्था की ओर से रामायण, हनुमान चालीसा और भागवत की कक्षाओं में भी शामिल होती है। 

उद्यमी और समाजसेवी हुए सम्मानित
कमिश्नरी सभागार में दादा साहब फाल्के भारत गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें शहर के उद्यमी और समाजसेवियों को संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि महेशचंद्र श्रीवास्तव और अंजू श्रीवास्तव ने अशोक सिंह, उद्यमी केशव जालान, दीपक बजाज, सुषमा शुक्ला, प्रेसिडेन्ट अखिल भारत हिन्दू महासभा को सम्मानित किया। 

शिष्यों ने अखाड़े का किया भ्रमण
स्वामी अड़गड़ानंद के शिष्यों ने रविवार की दोपहर सेवापुरी ब्लॉक के अदमापुर महनाग गांव स्थित दल सिंगार अंखाड़े का भ्रमण किया। सूबेदार यादव एक सप्ताह पूर्व परमहंस आश्रम शक्तेशगढ़ में दर्शन के दौरान स्वामी अड़गड़ानंद को आमंत्रित किया था। इस मौके पर संतों ने कहा कि उनके गुरुदेव के गुरु परमहंस महाराज भी पहलवान थे।

प्रभु की कृपा से ही होती है सत्संग की प्राप्ति
गोला के हनुमान मंदिर प्रांगण में राम कथा के प्रथम दिन व्यास आचार्य मनोहर कृष्ण महाराज ने सत्संग की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से ही सत्संग की प्राप्ति होती है। मानव जीवन के चार दोष हैं। काम, क्रोध, मोह और लोभ। इनसे सदा दूर रहें। परमात्मा मनुष्य को कर्म के अनुसार ही फल देता है।

व्यास मनोहर कृष्ण महाराज ने कहा, मनुष्य को हमेशा परोपकार करना चाहिए, हमेशा दीन दुखियों की मदद करनी चाहिए। ऐसे लोगों को भगवान खुद मिल जाएंगे। मुख्य अतिथि महेश श्रीवास्तव ने दीप जलाकर राम कथा का शुभारंभ किया। समिति के अध्यक्ष शिव शंकर सिंह (बच्चा सिंह) ने रामचरितमानस की पूजा अर्चना एवं व्यास जी की पूजा अर्चना की। समिति के संरक्षक विनोद सिंह, सचिव बालाजी राय मौजूद रहे। 

8 साल की दृष्टि पढ़ा रही 12वीं की गणित
कक्षा तीन की छात्रा दृष्टि मिश्रा 12वीं के विद्यार्थियों को गणित और कंप्यूटर पढ़ाती है। आठ साल की उम्र में उनका इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है। काशी कला कस्तूरी की ओर से आयोजित कार्यक्रम चिल्ड्रेन स्पेशल में डॉ. शबनम ने दृष्टि का साक्षात्कार किया। दृष्टि ने कहा कि पांच साल की उम्र से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह और भ्रूण हत्या जैसे अभियान चला चुकी हैं। दृष्टि ने 2021 में 2 मिनट 56 सेकेंड में दुनिया के 195 देशों के झंडों की पहचान की थी। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी दृष्टि को सम्मानित कर चुकी हैं। 

बीएचयू में वेदांत दर्शन के प्रो. सुधांशु का निधन
बीएचयू में वेदांत दर्शन के बड़े साधक रहे प्रो. सुधांशु शेखर शास्त्री का रविवार की आधी रात निधन हो गया। करीब 15 साल पहले बीएचयू में संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के पूर्व डीन और वेदांत दर्शन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बीएचयू के ज्योतिषाचार्य प्रो. विनय पांडेय ने कहा कि प्रो.  सुधांशु वेदांत दर्शन के बड़े विद्वान थे। वह रोजाना बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती में जाते थे। उनके बैठने के बाद ही मंगला आरती शुरू होती थी। वे गाेयनका संस्कृत मैनेजमेंट   कमेटी के चेयरमैन थे। उन्होंने वेदांत पर दर्शन सर्वसम आध्यात्मिक किताब लिखी थी। 

प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में निकली शोभायात्रा
गुरुनानक देव के 555वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में बीती शाम रामनगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गुरुद्वारा सिंह सभा रामनगर की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़ों पर सवार पंज प्यारे चल रहे थे। इनके पीछे पीछे शबद कीर्तन करते सिख समुदाय की महिलाएं और पुरुष चल रहे थे। 

शोभायात्रा में सिख समुदाय की महिलाएं सड़क को साफ करते हुए चल रहीं थीं। शाम चार बजे गुरुद्वारा से निकली शोभायात्रा साहित्य नाका, पीएसी तिराहे और दुर्ग के समीप भ्रमण के बाद वापस गुरुद्वारा पहुंची। आरती और प्रसाद वितरण के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। 

अखंड पाठ के समापन के बाद दोपहर 12 बजे से चल रहे शबद कीर्तन में न्यूजीलैंड से आए संदीप सिंह रैन की रागी जत्थे की टीम ने संगत को निहाल किया। इसके बाद अटूट लंगर चला। विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित सभी वर्गों के लोगों ने अटूट लंगर में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दलवीर सिंह, रविंद्र सिंह लड्डू सहित विभिन्न दलों से जुड़े सैकड़ों लोगों ने भी भागीदारी की। 

100 चित्रों में झलकी बनारस की मौज-मस्ती
बनारस-द एसेंस ऑफ काशी छायाचित्र प्रदर्शनी में बनारस के रंग और रस से दर्शक रूबरू हुए। 100 से अधिक फोटोग्राफ्स में बनारसी मौज-मस्ती, फक्कड़पन और बिंदास जीवनशैली के रंग देखने को मिले। कलाविद एवं समीक्षक डॉ. राधाकृष्ण गणेशन की छायाचित्र प्रदर्शनी गिरजाघर स्थित जोगाई बनारस आर्ट गैलरी में शुरू हुई। 

उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. मारुति नंदन तिवारी, वरिष्ठ कार्टूनिष्ट विनय कूल, ललित कला अकादमी के अध्यक्ष सुनील विश्वकर्मा ने दीप जलाकर किया। छायाचित्रों में निरंतर परिवर्तनशील बनारस को सहजता से दिखाया गया है। तस्वीरों में घाटों पर बनारस की जीवन-शैली, श्रद्धा-भक्ति, आस्था दिखी। मुख्य अतिथि प्रो. मारुति नंदन ने कहा यह छायाचित्र प्रदर्शनी मौन की यात्रा को स्वर देने की कोशिश है। इस दौरान डॉ. वीएन मिश्रा, राजेश जोगाई, उमेश जोगाई, कन्हैया लोहिया, मार्जित भास्कर, रवि अग्रहरि मौजूद रहे। 

योग व्यायाम नहीं, यम-नियम के मुख्य आधार
संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं है, यम-नियम योग के मुख्य आधार हैं। जब तक 10 यम-नियम का पालन हम नहीं करते, तब तक आसन-प्राणायाम नहीं कर सकते। सफलता के लिए दो मंत्र महत्वपूर्ण हैं, पहला एकाग्रता और दूसरा निरंतरता। हम तभी सफल होंगे जब एकाग्रता में निरंतरता रखते हैं।

वह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सांख्ययोगतंत्रागम विभाग की ओर से आयोजित योग विज्ञान कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। विशिष्ट अतिथि छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. हरिशंकर पांडेय ने कहा कि योग अभ्यास नहीं, जीवन शैली है, जो हमें अपने मन, शरीर और आत्मा को स्वस्थ और संतुलित बनाने में मदद करती है। संचालन प्रो. राघवेंद्र ने किया। योग प्रशिक्षक डॉ. राजकुमार मिश्र, प्रभुनाथ यादव मौजूद रहे। 

विद्यापीठ : आज से आरक्षित वर्ग की तीसरी काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2024-25 में यूजी-पीजी में दाखिले के लिए आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की तीसरी काउंसिलिंग 18 और 23 नवंबर को होगी। इसे लेकर संबंधित संकाय और विभाग में काउंसिलिंग वाले दिन पठन-पाठन को स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। कक्षाएं ऑनलाइन चलाई जाएंगी। 

सोमवार से ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी, एसटी श्रेणी वाले अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग शुरू होनी है। इसका पूरा कार्यक्रम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। सोमवार को बीसीए, बीकॉम, बीए आनर्स मॉस कम्यूनिकेशन, बीम्यूज, बीए, बीएफए, बीएससी कृषि, बीए एलएलबी, बीएसी बायोलॉजी, बीएससी मैथ की काउंसिलिंग होगी। 

वहीं, स्नातकोत्तर में एमएफए एप्लाइड आर्ट्स, पेंटिंग में दाखिला होगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि काउंसिलिंग के बाद सभी अभ्यर्थियों को फीस जमा करने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर मेसेज भेजा जाएगा। निर्धारित तिथि पर फीस जमा न करने वाले छात्र-छात्राओं को दोबारा मौका नहीं मिलेगा। 

बीएचयू के विज्ञान संस्थान को 9 ग्रांट और एक पेटेंट मिला
बीएचयू के विज्ञान संस्थान ने अपना त्रैमासिक इंस्टीट्यूट बुलेटिन जारी कर दिया है। इसमें बीएचयू में 100 साल पहले के वैज्ञानिक खोजों, रिसर्च, पेटेंट, ग्रांट और उपलब्धियों के बारे में जानकारियां दी गईं हैं। इस बुलेटिन में बताया गया है कि संस्थान में तीन महीने में कुल नौ ग्रांट और एक पेटेंट स्वीकार हुआ है। इस बुलेटिन को छात्रों और प्रोफेसरों द्वारा मिलकर तैयार किया गया है। ये 11 चैप्टर में विभाजित है। इसमें जुलाई, अगस्त और सितंबर महीने में हुए विज्ञान के सारे इवेंट्स और रिसर्च की डिटेल जानकारियां दी गईं हैं। इसमें छात्रों की उपलब्धियों के बारे में बताया गया है। 

जगतपुर कॉलेज के 13 छात्रों का कैंपस सेलेक्शन
जगतपुर पीजी कॉलेज में यूजी और पीजी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित कैंपस सलेक्शन में 13 विद्यार्थियों को चयन हुआ। प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह की देखरेख में हुए कैंपस सेलेक्शन में 13 विद्यार्थी साक्षात्कार में सफल हुए। चयनित विद्यार्थियों में राज त्यागी, आदित्य मौर्य, मृत्युंजय, आजाद सिंह, अपर्णा गुप्ता, शक्ति त्रिपाठी, सौरभ मनोज, राज नारायण, अंजलि ओझा, सुभाष यादव, विवेक सिंह, किशन जगदीश और अमर सिंह शामिल हैं। इस दौरान प्रो. संगीता गुप्ता, उपेंद्र शर्मा, डॉ. धर्मराज सिंह, विकास पाठक आदि मौजूद रहे। 

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर बीएचयू में सम्मेलन कल
बीएचयू में मंगलवार से हिंदी के राष्ट्रवादी कवियों की रचनाओं में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर मंथन किया जाएगा। राष्ट्र कवि रामधारी सिंह दिनकर, माखनलाल चतुर्वेदी, मैथिली शरण गुप्त, बाल कृष्ण शर्मा और सुभद्रा कुमार चौहान समेत कई प्रख्यात साहित्यकारों के काव्यों में देशभक्ति और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के बारे में छात्रों को समझाया जाएगा। बीएचयू के शताब्दी कृषि भवन में दो दिन तक हिंदी विभाग और भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद की ओर से ये आयोजन कराया जाएगा। 

परिवार के दो प्लाॅटों के लिए एक नक्शा पास करेगा वीडीए
वीडीए अब परिवार के दो लोगों का प्लॉट मिलाकर एक नक्शा पास कर देगा। पहले नियमों का हवाला देकर वीडीए एक नक्शा पास नहीं करता था। मजबूरन लोगों को दो आवेदन कर नक्शा पास कराना पड़ता था। 

परिवार में अक्सर दो लोग अगल-बगल में प्लाॅट खरीदते हैं। उनकी इच्छा होती है कि दोनों प्लाॅटों को मिलाकर एक मकान का निर्माण कराया जाए। लेकिन वीडीए नियमों की अड़चन के कारण दो प्लाॅटों के लिए एक नक्शा पास नहीं करता था। ऐसे में लोगों को दो नक्शे का आवेदन करना पड़ता था। इससे ज्यादा पैसे लग जाते थे।

वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि वीडीए ने आमेलन नीति बनाई है। इसके तहत आसपास सटे परिवार के दो प्लाॅटों को मिलाकर यदि कोई आवेदन करता है तो उनका नक्शा पास किया जाएगा। पहले ऐसा नहीं था। इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा जो दो प्लाॅटों के लिए दो अलग-अलग आवेदन करते थे और दो नक्शा पास कराते थे। 

दिव्यांगों की मदद के लिए शिविर आज
दिव्यांग विभाग की ओर से 12 दिवसीय ब्लाॅक व नगरीय क्षेत्र में परीक्षण शिविर सोमवार को आराजीलाइन ब्लाॅक से शुरू होगा। 18 से 29 नवंबर तक चलने वाले शिविर में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर के सहयोग से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरणों दिए जाएंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने बताया कि शिविर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक लगेगा।  

चौकाघाट पर कल सजेगा प्याला का मेला
जिला धोबी घाट बचाओ समिति की ओर से वरुणा का प्याला मेला 19 नवंबर को सजेगा। चौकाघाट पुल के नीचे सजने वाले इस मेले में कन्नौजिया, कसेरा, गुप्ता, जायसवाल बिरादरी सहित अन्य लोग भी शामिल होते हैं। यह जानकारी महामंत्री रजनीश कन्नौजिया ने दी। जिला धोबी घाट बचाओ समिति नगर निगम से स्वच्छता, पेयजल और सचल शौचालय के इंतजाम करने की मांग की है। 

तकनीक सीखने किसान जबलपुर रवाना
चांदपुर स्थित कृषि भवन से बनारस के 50 किसान और तकनीक सहायकों को मोटे अनाजों के उत्पादन के गुर सीखने रविवार को विधायक डॉ. सुनील पटेल ने रवाना किया। भ्रमण दल पांच दिनों तक जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर में तकनीक की जानकारी लेगा। विधायक ने कहा कि वहां प्रशिक्षण लेने के बाद किसानों के तकनीकी अध्ययन और औषधीय गुणों वाले मोटे अनाज की खेती को विस्तार मिलेगा। 

बीएचयू के छात्र ने लगाया रैगिंग का आरोप
बीएचयू में शिक्षा संकाय के छात्र ने रैगिंग का आरोप लगाया है। चीफ प्रॉक्टर से शिकायत कर कहा है कि सीनियर ने उसको जान से मारने की धमकी दी है। बीएड के छात्र पंचानन तिवारी ने कहा कि उसे एनी बेसेंट हॉस्टल से भी अनिश्चितकाल के लिए निकाल दिया गया है। मामूली झगड़े को सुलझाने के बजाय कमरे में ताला लगवा दिया गया है। कपड़े और किताबोंं समेत जरूरी सामान भी कमरे से नहीं निकालने दिया गया। 

1500 औषधीय पौधे और मुरब्बे बांटे
प्रबोधिनी फाउंडेशन की ओर से रविवार को बैरवन एवं मोहनसराय गांव में 1500 पौधे और 1000 लोगों को आंवले और श्रीफल के मुरब्बे बांटे।पर्यावरण शुद्धता के लिए औषधीय पौधों को लगाने और आयुर्वेदिक फलों, सब्जियों का प्रयोग करने के लिए जागरूकता अभियान के तहत वितरण हुआ। महासचिव विनय शंकर राय मुन्ना के नेतृत्व में बैरवन के डीह बाबा मंदिर मैदान, पंचायत भवन, हनुमान मंदिर, मोहनसराय तालाब आदि इलाकों में अभियान चला।

गोरखपुर रैली में शामिल होगा मद्धेशिया समाज  
मध्यदेशीय वैश्य महासभा (पूर्व अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा) की वाराणसी नगर की बैठक में गोरखपुर में 22 दिसंबर को होने वाली हुंकार रैली पर चर्चा हुई। तय हुआ कि रैली में वाराणसी से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे। रविवार को नमोघाट पर हुई बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने समाज के लोगों को अपने अधिकारों के लिए आगे आने का आह्वान किया। राष्ट्रीय प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी सरकारें मद्धेशिया कान्दू हलुवाई समाज को हाशिए पर रख कर चल रही हैं।  

माध्यमिक शिक्षकों का धरना जारी
यूपी माध्यमिक शिक्षक संघ का धरना आज भी जारी रहेगा। एडहॉक शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संयुक्त निदेशक कार्यालय पर भी विरोध हुआ। कार्यालय पर तालाबंदी करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। संयुक्त निदेशक खुद ही धरना स्थल पर पहुंचे लेकिन बात नहीं बनी। मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को एडहॉक शिक्षकों को लेकर एक आदेश जारी किया गया। इसकी कॉपी धरना स्थल पर ही संगठन को दी गई। इस पर पूर्व शिक्षक विधायक चेत नारायण सिंह ने असहमति जताते हुए कहा कि धरना सोमवार को भी जारी रहेगा। 

संस्कारों को धारण करें, बटेंगे तो हो जाएंगे खत्म
भट्ट ब्राह्मण हमेशा से समाज को दशा-दिशा देते हैं। अगर, वे टुकड़ों में बटेंगे तो उनका अस्तित्व खत्म हो जाएगा। इसलिए उन्हें अपने संस्कारों को धारण करते हुए एकजुट होकर ही आगे बढ़ना होगा, तभी विकास होगा। भट्ट ब्राह्मण महासभा काशी की ओर से रविवार को दुर्गाकुंड स्थित हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में वर्तमान परिवेश में ब्राह्मणों के विकास की दिशा विषय पर संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि महाराष्ट्र भाजपा के प्रवक्ता डॉ. दयानंद तिवारी ने यह विचार रखे। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों की पहचान लुप्त होने से बचाना होगा। 

ठंड के बढ़ते ही गर्म हुआ बाजार
अलसुबह और रात के समय पड़ रही ठंड से अब धीरे-धीरे आलमारी और सूटकेस से गर्म कपड़े और कंबल आदि निकलने शुरू हो चुके हैं। गीजर, रूम हीटर और इलेक्ट्राॅनिक्स केतली आदि को दुरूस्त भी कराया जा रहा है। अधिकतर घरों में सुबह के समय गीजर ऑन हो चुके हैं। बाजार में ऊनी कपड़ों, रूम हीटर, गीजर और इलेक्ट्राॅनिक केतली आदि का बाजार भी सज चुका है। कारोबारियों के अनुसार हर दिन गीजर, रूम हीटर, ब्लोअर की बिक्री हो रही है। पिछले साल के अपेक्षा इस साल दामों में 15 से 20 फीसदी तक वृद्धि देखी जा रही है। 

हार्ट अटैक से रिक्शा चालक की मौत

major news of Varanasi 28 lakh looted and assaulted two accused of liquor smuggling arrested
रिक्शा में पड़ी ऑटो चालक की लाश। - फोटो : अमर उजाला

भेलूपुर थाना क्षेत्र के कश्मीरीगंज में ऑटो चालक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वह अपने वाहन में काफी देर से पड़ा हुआ था। मृतक ई रिक्शा चालक की पहचान दूधनाथ पाल निवासी भिखारीपुर के रूप में हुई। यह टोटो चालक भिखारीपुर नेशनल इलेक्ट्रॉनिक से सामान लोड करके सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के चेतमणि ब्रांच का सामान लेकर जा रहा था। मृतक टोटो चालक का पुत्र विकास पाल मौके पर पहुंचा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed