काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव: प्रचार थमा, प्रत्याशियों ने छात्रों से मांगे वोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ 28 नवंबर को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार को प्रचार थम गया। अब विद्यार्थियों को प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करना है। प्रचार का अंतिम दिन होने से परिसर में गहमा-गहमी अधिक रही। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत चार प्रमुख पदों, संकाय प्रतिनिधि पद के प्रत्याशियों ने जहां परिसर में समर्थकों के साथ जुलूस निकाला, वहीं संकायों, विभागों में जाकर छात्रों से अपने पक्ष में वोट की अपील की।
मंगलवार को प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। इस दौरान कई पूर्व पदाधिकारी और छात्रनेता भी समर्थन देने पहुंचे थे। प्रत्याशी मानविकी संकाय से लेकर समाज विज्ञान चौराहा, समाज कार्य संकाय, शिक्षा संकाय के साथ ही हॉस्टलों में पहुंचकर वोट की अपील करते रहे।
सुरक्षा के लिहाज से सीओ चेतगंज, एसओ सिगरा के साथ ही पुलिस और पीएसी के जवान मानविकी संकाय, समाज विज्ञान संकाय चौराहे पर तैनात रहे। उधर, मानविकी संकाय में चुनाव अधिकारी प्रो. सभाजीत सिंह यादव के निर्देशन में मानविकी संकाय में बूथ बनाने के साथ ही मुख्य द्वार से लेकर अंदर तक बैरीकेडिंग का काम भी शुरू हो गया है।
एक नजर में छात्रसंघ चुनाव
पद 11
प्रत्याशी 31
बूथ 23
मतदाता 8998(छात्र 5052-छात्रा 3946)
मतदान सुबह 9 से 2 बजे तक
मतगणना 3.30 बजे से
प्रत्याशियों के परिजनों ने भी किया प्रचार
राजनीति की पहली पाठशाला छात्रसंघ चुनाव में बेटे और भतीजे को फतह हासिल कराने में परिजनों ने भी ताकत झोंक दी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मंगलवार को चुनाव प्रचार के दौरान अध्यक्ष, महामंत्री और उपाध्यक्ष उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने को छात्र नेताओं के अलावा प्रत्याशियों के परिजन भी कैंपस में पक्ष में वोट करने की अपील करते दिखे।