काशी विद्यापीठ: विज्ञापन के प्रश्नपत्र में पूछे खेल पत्रकारिता के सवाल, चकराए छात्र, परीक्षा हुई निरस्त
छात्रों ने प्रश्नपत्र (विज्ञापन) का पहला पृष्ठ पलटा तो वह आश्चर्य में पड़ गए। पेज दो पर लघु उत्तरीय प्रश्न का पहला सवाल ही खेल पत्रकारिता से शुरू हो गया। मामले की जानकारी होने पर विश्वविद्यालय से लेकर महाविद्यालयों में अफरातफरी मच गई।
विस्तार
वाराणसी स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को प्रथम पाली में सुबह आठ बजे से बीए तृतीय वर्ष मास कम्युनिकेशन के द्वितीय प्रश्नपत्र विज्ञापन की परीक्षा आयोजित की गई थी। लेकिन विज्ञापन के प्रश्नपत्र में जब खेल पत्रकारिता के सवाल मिले तो छात्र भी चकरा गए। छात्रों ने इसकी शिकायत की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।
छात्रों ने विरोध भी जताया, लेकिन छात्रों को शांत करा दिया गया। मामले की जानकारी होने पर विश्वविद्यालय से लेकर महाविद्यालयों में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन परीक्षा को निरस्त कर दिया गया। परीक्षा की तारीख का एलान जल्द होगा।
परीक्षा की घंटी बजते ही जब छात्रों को प्रश्नपत्र बांटा गया। पहले पृष्ठ पर बीए ऑनर्स मॉस कम्युनिकेशन तृतीय वर्ष परीक्षा 2021 द्वितीय प्रश्नपत्र (विज्ञापन) दर्ज था। इसके बाद जैसे ही छात्रों ने पहला पृष्ठ पलटा तो वह आश्चर्य में पड़ गए। पेज दो पर लघु उत्तरीय प्रश्न का पहला सवाल ही खेल पत्रकारिता से शुरू हो गया। तीसरे और चौथे पेज पर भी सभी सवाल खेल पत्रकारिता से जुड़े ही थी।
छात्रों ने इसकी शिकायत कक्ष निरीक्षक से की तो उन्होंने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इस दौरान छात्र भी समय कम होने का हवाला देते हुए हंगामा करने लगे। इस संदर्भ में कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा को निरस्त कर दिया गया। इसकी जांच की जा रही है कि गलत प्रश्नपत्र कैसे छप गया।