काशी विद्यापीठ: मेरिट के आधार पर होंगे UG-PG, डिप्लोमा में दाखिले, समिति की बैठक में फैसला; सीट भी बढ़ेगी
स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए 1 जून से आवेदन पत्र ऑनलाइन होंगे। विश्वविद्यालय परिसर में बीबीए, एमए एजुकेशन पाठ्यक्रम की पढ़ाई भी इसी सत्र से शुरू होगा।
विस्तार
Mahatma Gandhi Kashi Vidyapith: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नए सत्र 2025-26 में यूजी, पीजी और डिप्लोमा कोर्स में मेरिट के आधार पर प्रवेश लिया जाएगा। व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिले की प्रक्रिया पूरी होगी। बुधवार को प्रवेश समिति की बैठक में इसका फैसला हुआ। इसमें 25 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया।
कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रवेश से जुड़े कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। स्नातक पाठ्यक्रमों में 35 से 40 प्रतिशत सीटों की वृद्धि की जाएगी। इसके अलावा स्नातकोत्तर व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी 10 प्रतिशत सीटों की वृद्धि करने का निर्णय हुआ।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए स्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन 25 अप्रैल से ऑनलाइन किए जाएंगे।
भैरव तालाब परिसर में बीसीए एवं बीबीए पाठ्यक्रम और गंगापुर परिसर में स्नातकोत्तर कृषि पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया जाएगा। बैठक में प्रवेश सेल समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय, कुलसचिव दीप्ति मिश्रा, वित्त अधिकारी संतोष शर्मा, उप कुलसचिव हरीश चंद व आनंद मौर्य सहित सभी संकायाध्यक्ष, निदेशक, विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
काशी विद्यापीठ और रसियन लाइब्रेरी के बीच शैक्षणिक समझौता
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और रसियन स्टेट लाइब्रेरी फाॅर यंग एडल्टस (आरएसएलवाईए) मास्को के बीच बुधवार को शैक्षणिक समझौता हुआ है। विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की मौजूदगी में आरएसएलवाईए की निदेशक इरिना मीखानोवा, सेंट पीटरबर्ग और विश्वविद्यालय से प्रोफेसर इंचार्ज, केंद्रीय पुस्तकालय प्रो. संतोष कुमार ने हस्ताक्षर किया गया।
कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि यह भारत और रूस के शैक्षणिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक संबंधों को मजबूत करेगा। इस दौरान रसियन प्रतिनिधि मंडल ने डॉ. भगवानदास केंद्रीय पुस्तकालय का भ्रमण कर दुर्लभ पुस्तकों, पाडुलिपियों, दुर्लभ समाचार पत्र संग्रह, अध्यापक कक्ष, ई-पुस्तकालय, शोध संदर्भ अनुभाग आदि को देखा।