UP News: वाराणसी में एटीएस ने डॉक्टर और उसके बेटे से आठ घंटे की पूछताछ, 22 को बुलाया मुंबई
Varanasi News: मुंबई की एटीएस टीम आदमपुर थाना क्षेत्र के ओंकालेश्वर इलाके में मंगलवार को एक डॉक्टर के घर पहुंची। घर के अंदर सभी सदस्यों से पूछताछ की। इस दौरान आदमपुर पुलिस घर के बाहर तैनात रही।
विस्तार
मुंबई एटीएस ने मंगलवार को आदमपुर थाना क्षेत्र के ऑकालेश्वर में एक डॉक्टर और उसके बेटे से लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की है। एटीएस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल, नोटबुक आदि को अपने कब्जे में लिया है। प्रिंटर साथ ले गए हैं। डॉक्टर और उसके परिजनों के बयान दर्ज करने के लिए 22 अप्रैल को मुंबई बुलाया गया है।
कार्रवाई के दौरान मकान के अंदर आने और बाहर जाने की अनुमति किसी को नहीं थी। कोतवाली एसीपी फोर्स के साथ मकान के बाहर तैनात रहे। आदमपुर थाना क्षेत्र के ऑकालेश्वर निवासी डॉक्टर के बेटे का मोबाइल नंबर मुंबई एटीएस के हाथ लगा है। मोबाइल के जरिये संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया गया।
आशंका के आधार पर मुंबई एटीएस ने लखनऊ एटीएस की वाराणसी इकाई से संपर्क साधा। साथ ही मंगलवार की सुबह 11 बजे मुंबई और लखनऊ की एटीएस, आईबी की टीम के साथ ऑकालेश्वर स्थित डॉक्टर के मकान के अंदर घुसी।
इसे भी पढ़ें; UP News: भदोही में दर्दनाक हादसा, ट्रांसपोर्ट संचालक की ट्रक से कुचलकर मौत; नाराज लोगों ने किया सड़क जाम
टीम ने डॉक्टर के परिजनों से कहा कि पूछताछ में सहयोग करें। प्रत्येक सदस्यों के मोबाइल फोन, बैंक विवरण और उनके रिश्तेदारों, करीबियों के बारे में जानकारी ली गई। आय के स्रोत का व्योरा जुटाया गया। लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए गए। शाम 7 बजे एटीएस की टीम घर से बाहर निकली। इसके बाद परिजनों ने अपने मकान का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
भाई का साड़ी का कारोबार, बेटा कर रहा है नीट की तैयारी
चिकित्सक का आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक के पास निजी अस्पताल है। उनके तीन भाई साड़ी का कारोबार करते हैं। बेटे भी कारोबार में सक्रिय हैं और अक्सर बाहर आना-जाना लगा रहता है। एक बेटा नीट की तैयारी कर रहा है। एटीएस अधिकारियों ने बताया कि नीट की तैयारी करने वाले बेटे से पूछताछ की गई। उसके दोस्तों के बारे में भी जानकारियां जुटाई गई हैं। मुंबई एटीएस ने डॉक्टर, उसके बेटे और अन्य परिजनों को अपना बयान दर्ज करने के लिए मुंबई बुलाया है।