बस में भी 'मील ऑन व्हील' का लें आनंद: गाड़ी में बैठ करें ऑर्डर, अगले स्टॉपेज पर मिलेगा खाना, ये है पूरी तैयारी
ऑर्डर करते समय मोबाइल नंबर के साथ-साथ टिकट का भी नंबर अंकित करना होगा, जिसके बाद अगले स्टॉपेज पर उन्हें मनचाहे मेन्यू वाला स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा।
विस्तार
अब बसों में भी रेलवे की तर्ज पर यात्रियों को खाना, नाश्ता मिल सकेगा। इसके लिए बसों में सवार यात्री को ऑनलाइन ऑर्डर करना होगा। साथ ही मोबाइल नंबर के साथ-साथ टिकट का भी नंबर अंकित करना होगा, जिसके बाद अगले स्टॉपेज पर उन्हें मनचाहे मेन्यू वाला स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों ने प्रस्ताव तैयार करके मुख्यालय भेज दिया है।
परिवहन निगम की बसों में बहुत से यात्री लंबी दूरी की यात्रा करते हैं। इस दौरान उन्हें खाने-पीने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। चालक कई बार नाश्ते और खाने के लिए बसों को ढाबे पर खड़ी करते हैं। इस दौरान यात्रियों को मनपसंद खाना नहीं मिल पाता है। मजबूरी में महंगे और बिना पसंद की चीजों को खाना पड़ता है। इसे देखते हुए परिवहन निगम के अधिकारियों ने मील ऑन व्हील कांसेप्ट के तहत यात्रियों को खाना या नाश्ता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार करके मुख्यालय भी भेज दिया गया है। इसके तहत ऑर्डर करने पर अगले स्टॉपेज पर यात्री को खाने का पार्सल उपलब्ध करा दिया जाएगा।
ऐसे ले सकेंगे सुविधा का लाभ
बस में सवार यात्री ही इस सेवा का लाभ ले सकेंगे। इसके लिए यात्री को टोल फ्री नंबर पर कॉल करना होगा। हेल्पलाइन सेंटर पर अपना लोकेशन, नाम, मोबाइल नंबर और टिकट का विवरण देना होगा। इसके बाद अगले स्टॉपेज पर बस पहुंचने के पहले ही खाना या नाश्ता लेकर कर्मचारी खड़ा रहेगा, जो बस पहुंचने पर पार्सल को यात्री तक पहुंचा देगा।
मील ऑन व्हील कांसेप्ट के तहत प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद यात्रियों को आर्डर देने पर उन्हें अगले स्टॉपेज पर मनचाहे मेन्यू वाला भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। यह सुविधा कैश ऑन डिलीवरी होगी। - गौरव वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम, वाराणसी परिक्षेत्र