UP News: घर का छाजन कर रहे पिता पर गिरी बिजली, बेटी सहित तीन झुलसीं; स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया
Sonbhadra News: सोनभद्र के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक पिता की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी समेत तीन महिलाएं झुलस गईं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। ओबरा क्षेत्र में बिजली गिरने से दो मवेशियों की भी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले के बभनी, दुद्धी, घोरावल और ओबरा क्षेत्रों में सोमवार को हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं झुलस गईं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, ओबरा क्षेत्र में बिजली गिरने से दो मवेशियों की भी मौत हो गई।
पहली घटना बभनी थाना क्षेत्र के डगडउआ टोला की है। यहां गंभीरा (38) अपनी 17 वर्षीय पुत्री सीमा के साथ घर का छाजन कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से गंभीरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री सीमा गंभीर रूप से झुलस गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों में मचा कोहराम
दूसरी घटना दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के नगवां गांव में हुई। यहां सुनीता (42) घर के भीतर काम कर रही थीं। इसी दौरान बिजली गिरने से वह अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
उधर, करमा थाना क्षेत्र के तिलौली कला गांव में बारिश के दौरान घर के बरामदे में बैठी सरस्वती कुमारी (18) भी बिजली गिरने से झुलस गईं। अचेत अवस्था में परिजनों ने उन्हें घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. देवेश पांडेय ने बताया कि युवती की हालत अब खतरे से बाहर है।
इधर, ओबरा थाना क्षेत्र के पनारी गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से दो मवेशियों की मौत हो गई। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।