वाराणसी: निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूर की गला दबाकर हत्या, शौचालय में मिला शव, ठेकेदार और साथियों की तलाश
वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र के पितरकुंडा में गला दबाकर मजदूर की हत्या की गई है। निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के शौचालय में शव मिला है। पुलिस को साथियों पर शक है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र के पितरकुंडा स्थित प्रजापति हितकारिणी समाज के निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बुधवार शाम घटनास्थल पर पहुंची सिगरा थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। निर्माणाधीन बिल्डिंग के शौचालय में औंधे मुंह पड़े मजदूर के गले पर गहरे निशान को देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई।
ठेकेदार और साथ के तीन साथियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित की गईं हैं। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में सामने आया कि दो दिन पहले मजदूर की हत्या की गई।
सिगरा थाना क्षेत्र के पितरकुंडा स्थित प्रजापति हितकारिणी समाज का पिछले दो माह से सामुदायिक भवन बन रहा है। बाहर के ठेकेदार और मजदूरों से काम करवाया जा रहा है। शाम के समय सामुदायिक भवन के आसपास से दुर्गंध फैलने पर लोगों ने इसकी जानकारी सामुदायिक भवन के प्रबंधक को दी। खुद लोग भी जिधर से दुर्गंध आ रही थी, उधर तहकीकात में जुटे। इसी बीच लोगों ने देखा कि निर्माणाधीन बिल्डिंग के शौचालय में लगभग 40 वर्षीय मजदूर का शव पड़ा हुआ था।
सूचना पाकर सिगरा थाने की पुलिस व फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुटी। मजदूर का शव काफी फूल गया था और गले पर गहरे निशान भी उभरे हुए थे। सामुदायिक भवन के प्रबंधक रतन प्रजापति ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि चार दिन पहले ठेकेदार ने चेतगंज स्थित मंडी से चार मजदूरों को बुलाया था। इनके नाम और पता के बारे में ठेकेदार को ही जानकारी है।
घटनास्थल पर पहुंचे डीसीपी वरुणा जोन विक्रांत वीर ने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो उसमें दो अगस्त की शाम कमरे से बाहर निकलते हुए मजदूर की तस्वीर दिखी थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि उस दिन के बाद से ठेकेदार और अन्य मजदूर भी गायब हैं।
डीसीपी विक्रांत वीर ने बताया कि दो दिन पहले मौत हुई होगी। गला घोंटकर हत्या की आशंका है। ठेकेदार और अन्य साथ के मजदूरों पर शक है। इनके पकड़े जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मजदूर बिहार के वेस्ट चंपारण के निवासी सभी बताए गए हैं। मजदूरों में एक महिला भी शामिल थी। प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।