काशी विद्यापीठ दीक्षांत समारोह: पहली बार 17 छात्रों को मिलेंगे दो-दो पदक, 28 जुलाई को होगा आयोजन
Varanasi News: काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होगा। इस दौरान पहली बार 17 छात्रों को दो-दो पदक मिलेंगे। यूजी में चार और पीजी में सर्वाधिक 13 स्मृति पदक मिलेंगे।
विस्तार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह में इस बार कुल 128 पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें पहली बार 17 मेधावी छात्रों को दो-दो स्वर्ण पदक मिलेंगे। इनमें एक विश्वविद्यालय का पदक और दूसरा स्मृति पदक होगा। स्मृति पदक पाने वाले विद्यार्थियों को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। इनमें स्नातक (यूजी) के चार और स्नातकोत्तर (पीजी) के सर्वाधिक 13 विद्यार्थी शामिल हैं।
विश्वविद्यालय का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। इसे लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। परीक्षा विभाग समारोह में वितरित की जाने वाली डिग्रियों के साथ ही पदकों की तैयारी में जुटा है।
इस वर्ष स्नातक में विश्वविद्यालय स्तर पर 15 पदक और चार स्मृति पदक दिए जाएंगे, जबकि महाविद्यालय स्तर पर स्नातक के 16 मेधावियों को पदक मिलेगा। इसके अलावा स्नातकोत्तर में विश्वविद्यालय स्तर पर 36 पदक, 13 स्मृति पदक तथा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को 42 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें; काशी विश्वनाथ धाम: सुगम दर्शन के अगले पांच दिन के ऑनलाइन टिकट उपलब्ध, दो लाख श्रद्धालु रोज पहुंच रहे मंदिर
समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो खिलाड़ियों को भी पदक प्रदान किया जाएगा। ऐसा पहली बार होगा, जब विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थियों की तुलना में महाविद्यालयों के मेधावियों को अधिक पदक दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति की हालिया बैठक में पदकों की संख्या पर मुहर लगाई गई है।
कुलपति बोले
विश्वविद्यालय स्तर पर दीक्षांत समारोह के लिए गठित समितियों के संयोजकों से समय पर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया है। जिन 17 विद्यार्थियों को स्मृति पदक मिलेगा, उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से भी एक पदक प्रदान किया जाएगा। ऐसा पहली बार होगा, जब 17 विद्यार्थी दो-दो पदक प्राप्त करेंगे। इस तरह का सम्मान छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाता है। - प्रो. एके त्यागी, कुलपति, काशी विद्यापीठ