बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव में मतदान समाप्त हो गया। साथ ही प्रत्याशी छात्रों की किस्मत का फैसला भी आज ही हो गया है। काशी विद्यापीठ छात्र संघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा से अध्यक्ष पद प्रत्याशी संदीप कुमार यादव ने जीत हासिल की है।
आपको बता दें छात्र नेता चुनाव प्रत्याशी छात्र के लिए उतने ही अहम होते हैं जितने कि एक नेता के लिए विधानसभा या लोकसभा के चुनाव। काशी विद्यापीठ में भी ऐसी झलक देखने को मिली है, जो आपको कभी लोकसभा या विधानसभा चुनावों में देखने को मिली होगी।
दरअसल, छात्रसंघ चुनाव में प्रत्याशी छात्र, छात्रों के आगे अपने लिए हाथ जोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो अपने पक्ष में छात्रों से वोट करने के लिए कह रहे हैं। ऐसी कई फोटो सामने आई हैं, जिसमें प्रत्याशी छात्र मतदाताओं के आगे वोट करने की अपील कर रहे हैं।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ के नए पदाधिकारियों के लिए आज सुबह 9 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया था, जो कि दोपहर दो बजे तक चला। कुल मतदान 45.65 फीसदी हुआ, जो पिछले साल की तुलना में 14 फीसदी कम था। इस बार 2737 छात्रों और 1371 छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनावों की मतगणना शाम साढ़े तीन बजे से शुरू हो गई और बाद में विजयी पदाधिकारियों की घोषणा भी हो गई है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ छात्र संघ चुनाव में समाजवादी छात्रसभा से अध्यक्ष पद प्रत्याशी संदीप कुमार यादव ने जीत हासिल की। उपाध्यक्ष पद पर किशन सिंह, महामंत्री पर ऋषभ पांडे, पुस्तकालय मंत्री पद पर अमित कुमार पटेल विजयी घोषित हुए।