काशी एयर शो: राजघाट पुल पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित, तीन दिन लागू रहेगी यातायात व्यवस्था
नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने वाले एयर शो के मद्देनजर सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। एयर शो देखने आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पार्किंग भरने पर चारपहिया वाहनों को रामनगर के तंक मैदान भेजा जाएगा।
विस्तार
वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था तय की है। तीनों दिन सुबह आठ बजे से एयर शो समाप्त होने तक यह यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। चंदौली पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी जाने पर रोक
एयर शो के दौरान राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मुगलसराय और अलीनगर क्षेत्र से आने वाले वाहन चालकों को इन दोनों पुलों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है। ऐसे वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य तक जाएंगे।
रूट डायवर्जन, इन मार्गों का करें इस्तेमाल
मुगलसराय और अलीनगर से आने वाले वाहन: राजघाट और सामने घाट पुल का इस्तेमाल नहीं करेंगे। निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से वाराणसी की ओर जाएंगे।
पड़ाव, चंदौली और आसपास के क्षेत्रों से एयर शो देखने आने वाले वाहन: रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे।
रिंग रोड से आने वाले वाहन: पंचपेड़वा पहुंचने के बाद अलीनगर होते हुए मुगलसराय की ओर निर्धारित पार्किंग स्थलों तक जाएंगे।
दोपहिया वाहन: गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवैया शिवाला अंडरपास से बहादुरपुर रोड की ओर जाकर निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे।
पड़ाव क्षेत्र की पार्किंग भरने पर: बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को रामनगर स्थित तंक मैदान पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा।
एयर शो से असंबंधित वाहन: वाराणसी, बाबतपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और अन्य क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहन एनएच-19 और रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
पार्किंग व्यवस्था: चारपहिया वाहनों के लिए
एयर शो देखने आने वाले चारपहिया वाहनों के लिए इन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है:
एफसीआई गोदाम
सनबीम स्कूल ग्राउंड
एसआरएन स्कूल के पीछे का मैदान
अन्य निर्धारित पार्किंग स्थल
दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग
दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं:
एमिशन
एको ऑफिस
एको ग्राउंड
वाहन चालकों को सड़क, मुख्य मार्ग या किसी प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
पार्किंग भरने पर यहां भेजे जाएंगे वाहन
पड़ाव क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाने की स्थिति में बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को रामनगर स्थित तंक मैदान पार्किंग स्थल की ओर भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से एंबुलेंस समेत अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखने को भी कहा है।