रिटायर्ड बीडीओ व उनकी पत्नी की हत्या करने गाजीपुर जा रहे दो शूटर गिरफ्तार, मिली थी 10 लाख की सुपारी
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की नगर कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात सिपाह तिराहे के पास रोडवेज बस से दो शूटर समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश रिटायर्ड बीडीओ और उनकी पत्नी की हत्या करने के लिए गाजीपुर के जमनिया जा रहे थे। पुलिस ने शूटरों के पास से दो तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। भतीजे ने ही हत्या के लिए उन्हें दस लाख की सुपारी दी गई थी।
एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि रविवार की रात में शहर कोतवाल संजीव कुमार मिश्र, एसओजी प्रभारी पर्व कुमार सिंह और सर्विलांस प्रभारी रामजनम यादव शहर में मौजूद थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश रोडवेज बस से किसी की हत्या करने गाजीपुर जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने सिपाह तिराहे पर बस रोकर उसमें सवार चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
आठ एकड़ जमीन के लालच में दी सुपारी
गिरफ्तार बदमाशों में आनंद सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके पिता तीन भाई हैं। बड़े पिता बीडीओ के पद से रिटायर हुए हैं। उन्हें कोई संतान नहीं है। उनके हिस्से में आठ एकड़ जमीन है। वह अपने हिस्से की सारी जमीन गांव के ही सुमंत सिंह को बेचने वाले है। मौजूदा समय में जमीन की कीमत दो करोड़ से अधिक है। जमानिया में एक मकान है जिसकी कीमत लगभग 50-60 लाख है। उसको अपने साले को देना चाह रहे हैं। उनकी सम्पत्ति का वारिस बनने के लिए उसने दोनों की हत्या का प्लान अपने साथी दीपक सिंह के साथ तैयार किया था।
दीपक सिंह ने ही दस लाख में दो शूटरों को तैयार किया था। जिन्हें हत्या के बाद पैसा देना था। आनंद और दीपक दोनों शूटर को लेकर जौनपुर से जमनिया जा रहे थे। पुलिस ने शूटर शुभम सिंह उर्फ रजनीश सिंह निवासी कोतवालपुर थाना जलालपुर, सुरेंद्र यादव उर्फ राजित उर्फ रंजीत उर्फ लंबू निवासी राजेपुर थाना जलालपुर, दीपक सिंह उर्फ जंगबहादुर निवासी मनहन थाना जलालपुर और आनंद कुमार सिंह निवासी सराय थाना रामगढ़ जनपद कैमूर के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया। लंबू और शुभम के खिलाफ जलालपुर और शहर कोतवाली में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।