#JantaCurfew : प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा, कैसे हैं मेरी काशी के लोग
कोरोनो वायरस के संक्रमण को लेकर देश और दुनिया के लोग खासे चिंतित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रोजाना ट्वीट कर और सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर लोगों को एहतियात बरतने के लिए आगाह कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने रविवार को काशी के शीर्ष भाजपा नेताओं से पूछा है कि हमारे संसदीय क्षेत्र के लोग कैसे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी लोग साफ-सफाई पर ध्यान दें और प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह से पालन कर कोरोना वायरस के खिलाफ सामूहिक जंग को सफल बनाएं। बीजेपी नेताओं ने जब उन्हें बताया कि जनता कर्फ्यू काशी में पूरी तरह से सफल है तो प्रधानमंत्री ने खुशी जताते हुए काशी की जनता का आभार जताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनता कर्फ्यू की अपील का व्यापक असर रविवार सुबह से ही उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी देखने को मिला। गंगा घाटों और गलियों से लेकर बाजारों तक चौतरफा सन्नाटा पसरा रहा। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे और चर्च भी जनता कर्फ्यू के समर्थन में बंद रहे।
इस बीच डीएम कौशल राज शर्मा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी शहर का भ्रमण कर रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने बताया कि काशी की जनता अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री की अपील को गंभीरता के साथ आत्मसाध कर अपने-अपने घरों में है। पुलिस को कहा गया है कि यदि कोई दुकान खोले या सड़क पर अनावश्यक घूमे तो उसे समझा-बुझाकर घर भेज दें।
जनता कर्फ्यू को लेकर काशी गलियों भी सनन्ना पसरा हुआ है। गंगा घाट पर लोगों की भीड़ अब देखने को नहीं मिल रही है, जैसे पहले की तरह हुआ करती थी। बीएचयू गेट पर भी सन्नाटा पसरा है, जबकि यहां 24 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहती थी।