प्रभारी मंत्री से दरोगा की शिकायत : बिलखते हुए बताई पुलिस की कारस्तानी, CP को जांच के आदेश; जानें पूरा मामला
Varanasi News : जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना शुक्रवार काे विभिन्न कार्यक्रमों में रहे। एक जनसुनवाई के दौरान रविंद्रपुरी कल्याण समिति के सदस्यों की समस्या सुनकर प्रभारी मंत्री ने डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ रविंद्रपुरी पहुंचे। यहां सीवर लाइन की गड़बड़ी से होने वाली परेशानी को देखा।
विस्तार
भेलूपुर की महिला के उत्पीड़न की शिकायत पर जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को उच्चस्तरीय जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। शुक्रवार को सर्किट हाउस पहुंचे प्रभारी मंत्री से महिला ने शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
भेलूपुर की महिला ने रिश्ते में नंदोई दरोगा पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस की शिकायत पुलिस से करने पर उन्हें ही धमकाने और केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। मंत्री को शिकायती पत्र देते हुए गुहार लगाई कि न्याय दिलाया जाए।
कहा कि पूर्व में जब उन्होंने इसकी शिकायत पति और सास से की तो उन्होंने घर की इज्जत का हवाला देकर चुप करा दिया था। बाद में ससुराल वालों ने उन्हें ही घर से बाहर कर दिया। इस समय वे अपने मायके महमूरगंज में रह रही हैं। मंत्री ने उनकी शिकायतों को सुना। उन्हें भरोसा दिलाया कि योगी सरकार में महिला उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महिला ने बताया कि पूर्व में जब उन्होंने शिकायत की थी तो एक महिला पुलिस की अधिकारी ने मेरा बयान लिए बगैर अपनी जांच रिपोर्ट में दरोगा को क्लीन चिट दे दी। साथ ही वे लगातार मेरे ऊपर दबाव बना रही थी कि तहरीर में से दरोगा का नाम हटा दो। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि महिला एडीसीपी महिला अपराध की जांच से संतुष्ट नहीं है, इसलिए इस मामले की जांच अब डीसीपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में कमेटी गठित कर कराई जाएगी।
प्रभारी मंत्री से न्याय दिलाने की मांग
जिले के प्रभारी और यूपी सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना से शुक्रवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। एक महिला ने न्याय की गुहार लगाई। भेलूपुर की महिला ने रिश्ते के नंदोई दरोगा पर उत्पीड़न का आरोप लगाया और कहा कि शिकायत करने पर धमकी दी जा रही है। केस वापस लेने का दबाव है। इस अपने मायके महमूरगंज में रह रही है। मंत्री ने शिकायतें सुनी और पुलिस अफसरों को उचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
जनसुनवाई में समस्या सुन मौके पर पहुंचे प्रभारी मंत्री, जल निगम को लगाई फटकार
पीएम के संसदीय कार्यालय में शुक्रवार को जनसुनवाई के दौरान रविंद्रपुरी कल्याण समिति के सदस्यों की समस्या सुनकर प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के साथ रविंद्रपुरी पहुंचे। यहां सीवर लाइन की गड़बड़ी से होने वाली परेशानी को देखा।
मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि 15 दिनों में काम पूरा करें। उन्होंने जल निगम को हिदायत दी कि जनता को कोई तकलीफ न हो इसका पूरा ख्याल रखें। समिति के अध्यक्ष अनुज डिडवानिया, संरक्षक उमाशंकर अग्रवाल, डॉ. मोहिनी झवर, उपाध्यक्ष प्रकाश सोनेजा, अनिल झंवर ने सीवर लाइन की गड़बड़ी बताई। महामंत्री अंकुर अग्रवाल और मोहिनी झंवर और अमृता शाही ने अवैध पार्किंग और अवैध दुकानों से हो रही दिक्कतों के बारे में बताया।