योग-प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन: CM योगी बोले- आयुष पद्धति में हेल्थ टूरिज्म का हब बनेगा देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पड़ाव स्थित अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति स्थल पहुंचे। उन्होंने अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया और बिल्व का पौधा भी रोपा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आयुष पद्धति में भारत को हेल्थ टूरिज्म हब बनाने का सामर्थ्य है। डबल इंजन की सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। अगर धार्मिक संस्थाएं भी इसमें भागीदार बनें तो आयुष का ये क्षेत्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
मुख्यमंत्री गुरुवार को पड़ाव स्थित अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति स्थल पहुंचे। उन्होंने अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया और बिल्व का पौधा भी रोपा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और मस्तिष्क से समर्थ व सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा। अघोरेश्वर परंपरा समतामूलक समाज की भावना का साक्षात प्रमाण है।
सामाजिक न्याय की धारणा का उदाहरण
पहले हम सुना करते थे कि लोग उपचार कराने दुनिया के विकसित देशों में जाते हैं, मगर आज पूरी दुनिया प्राचीन भारतीय ज्ञान और परंपरा में बेहतर स्वास्थ्य की संभावना तलाश रही है। कोरोना काल में हमने अपनी प्राकृतिक चिकित्सा की ताकत को पहचाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की शैव परंपरा में अघोर परंपरा साधना की एक ऐसी प्रकृति है, जो अगर आध्यात्मिक दृष्टि से देखें तो जगत में रहकर परमात्मा के साथ संबंध जोड़ती है।
व्यवहारिक दृष्टि से देखें तो समाज को एक सूत्र में जोड़ कर सामाजिक न्याय की धारणा का उदाहरण प्रस्तुत करती है। अघोरेश्वर बाबा कीनाराम के द्वारा जिस अघोर परंपरा को नया जीवन दिया गया, उसे अघोरेश्वर भगवान राम ने नई ऊंचाई देने का काम किया।
अघोर परंपरा ने समाज में हर प्रकार के भेदभाव को दूर करके समतामूलक समाज के निर्माण में अपना योगदान दिया है। सीएम ने कहा कि मातृशक्ति की कोई जाति नहीं होती। शिव और शक्ति का मिलन ही वास्तविक शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने बाबा संभव राम को दिया धन्यवाद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्री सर्वेश्वरी समूह के बाबा संभव राम को धन्यवाद दिया और कहा कि उनको इस पुण्य कार्य में समर्पित आश्रम में आने का सौभाग्य मिला। इससे पहले मुख्यमंत्री का स्वागत शंखनाद से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री सर्वेश्वरी समूह विद्यालय की बच्चियों ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ और रामायण की प्रति भेंटकर करके की। मुख्यमंत्री ने युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद को याद किया है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक सुशील सिंह, डॉ. अवधेश नारायण सिंह, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसु आदि मौजूद रहे।