वाराणसी में पंचदीपोत्सव: छोटी दीपावली पर रोशन हुआ घर-आंगन, जले खुशियों के दीप
नरक चतुर्दशी और छोटी दीपावली पर काशी दीपमालिकाओं से खिल उठी। घरों के मुख्य द्वार, गलियां, चौराहे और गंगा घाट पर यम के दीप जलाए गए। इसके साथ ही रंग-बिरंगी झालरों की रौशनी से शहर की इमारतें भी झिलमिला उठीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रकाश पर्व दीपावली बृहस्पतिवार को मनाई जाएगी। देर रात तक बाजारों में पटाखा, मिठाईयों और गिफ्ट आइटम की खरीददारी होती रही।बुधवार की शाम नरक चतुर्दशी और छोटी दीपावली पर काशी दीपमालिकाओं से खिल उठी। घरों के मुख्य द्वार, गलियां, चौराहे और गंगा घाट पर यम के दीप जलाए गए।
इसके साथ ही रंग-बिरंगी झालरों की रौशनी से शहर की इमारतें भी झिलमिला उठीं। यम को प्रसन्न करने के लिए दीपदान किया गया। मान्यता है कि इस संध्या पर दीपदान करने से यम प्रसन्न होते हैं और अकाल मृत्यु का भय समाप्त होता है। छोटे-छोटे बच्चे रंग-बिरंगी रौशनी वाली फुलझड़ियां और पटाखे छोड़ते नजर आए।
प्रदोष काल स्थिर लग्न में मनेगी दीपावली
काशी विद्वत परिषद के संगठन मंत्री पं. दीपक मालवीय ने बताया कि महालक्ष्मी पूजन के लिए सर्वोत्तम मुहूर्त स्थिर कुंभ लग्न दिन में 1:14 से 2:46, स्थिर वृष लग्न में शाम को 5:52 से 7:49 तक है। इसके पश्चात महानिशा में स्थिर सिंह लग्न रात्रि 12:20 से 2:36 बजे तक है।
दीपों से जगमगाया सिगरा स्टेडियम
दीवाली की पूर्व संध्या पर खिलाड़ियों ने बुधवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम को दीपों से सजाया। फुटबाल, हॉकी, वालीबाल, एथलेटिक्स, जूडो सहित कई खेलो के खिलाड़ियों ने लाखों दीपों से जलाएं। उधर खेलो बनारस और चोलापुर में हुई जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में जीत का खिलाड़ियों ने शिवपुर स्थित एपीएस एकेडमी के कबड्डी ग्राउंड को दीपों से सजाकर जीत का जश्न मनाया।
सुरसरि के तट पर रोशन हुए 1001 दीप
सुरसरि का तट दीपों की जगमग से रौशन हो उठा। दीपकों की कतार से दशाश्वमेध घाट और मंदिर आलोकित हुए। बुधवार की शाम को गंगा सेवा निधि की ओर से गंगा के तट पर 1001 दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। गंगा आरती में दीये से शुभ दीपावली लिखकर देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।
श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत के साथ ही गंगा के घाट भी दीपकों की माला से जगमगा उठे। गंगा सेवा निधि के सुशांत मिश्रा ने बताया कि गंगा सेवा निधि हर वर्ष दीपोत्सव पर दशाश्वमेध घाट को 1001 दीयों से जगमग करता है। संस्था के सदस्यों ने शाम पांच बजे से दीयों को घाट पर सजाना शुरू किया और उन्हें सूरज ढलने के साथ ही जला दिया।