IIT BHU : सात अगस्त से कक्षाएं, 27 जुलाई को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन; प्रिपरेटरी कोर्स शुरू
Varanasi News: आईआईटी बीएचयू में जेईई एडवांस्ड-2026 से चयनित बीटेक और बीआर्क छात्रों की कक्षाएं सात अगस्त से शुरू होंगी। ऑनलाइन प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन 22 जुलाई से और भौतिक पंजीकरण 30 जुलाई को होगा। 30 जुलाई प्रवेश की अंतिम तिथि है। इसके बाद 30 जुलाई से 5 अगस्त तक इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
IIT BHU: आईआईटी (बीएचयू) में जेईई एडवांस्ड-2026 के माध्यम से चयनित बीटेक और बी.आर्क छात्रों के लिए प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। संस्थान में नए सत्र की नियमित कक्षाएं सात अगस्त से शुरू होंगी। वहीं, एक वर्षीय प्रिपरेटरी कोर्स में चयनित अभ्यर्थियों को अपना पंजीकरण आईआईटी कानपुर में कराना होगा। संस्थान ने सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।
जोसा काउंसिलिंग के तहत सीट आवंटित होने के बाद प्रवेश की प्रक्रिया 22 जुलाई से शुरू होगी। इसी दिन दोपहर 12:30 बजे से ऑनलाइन प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा। इसके बाद 27 से 30 जुलाई के बीच छात्रों को हॉस्टल में रिपोर्टिंग करनी होगी और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
संस्थान की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 30 जुलाई को सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक भौतिक पंजीकरण होगा। इसी दिन नए विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। ऑनलाइन प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन की सुविधा 30 जुलाई को शाम पांच बजे तक उपलब्ध रहेगी।
आईआईटी बीएचयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 30 जुलाई प्रवेश की अंतिम तिथि होगी। इसके बाद प्रोविजनल एडमिशन या किसी अन्य प्रकार के प्रवेश संबंधी अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए सभी चयनित छात्रों को समय पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
संस्थान में 30 जुलाई से पांच अगस्त तक इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नए विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, शोध गतिविधियों, विभिन्न विभागों और परिसर की सुविधाओं से परिचित कराया जाएगा। साथ ही छात्रों और प्रोफेसरों के बीच संवाद सत्र भी होंगे, जिससे नए विद्यार्थियों को संस्थान के माहौल को समझने में आसानी होगी।
आईआईटी बीएचयू ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें और जोसा तथा संस्थान की वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित तिथियों पर रिपोर्ट करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी बाधा के समय पर पूरी हो सके।