Varanasi: IIT BHU का 13वां दीक्षांत समारोह 28 अक्तूबर को, छात्र-छात्राओं को दी जाएंगी उपाधियां और मेडल
आईआईटी बीएचयू का 13वां दीक्षांत समारोह 28 अक्तूबर को होगा। इस समारोह में सत्र 2023-24 के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उपाधियां और मेडल दी जाएंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बीएचयू का 13वां दीक्षांत समारोह 28 अक्तूबर को होगा। इसमें सत्र 2023-24 में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी जाएंगी और टॉपर मेधावियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत के मुख्य अतिथि को लेकर अभी मंथन चल रहा है।
वर्ष 2012 में आईआईटी का दर्जा मिलने के बाद आईआईटी बीएचयू अपने सत्र संचालन के 13वें वर्ष में है। संस्थान इस बार 13वें दीक्षांत समारोह का आयोजन करने जा रहा है। आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारी है।
अब तक समारोह के मुख्य अतिथि और कितने छात्र-छात्राओं को मेडल एवं उपाधियां दी जाएंगी, इसका खुलासा संस्थान की ओर से नहीं किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्य अतिथि का नाम तय करने को लेकर अंदरखाने में मंथन चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 12वें दीक्षांत समारोह में आईआईटी बीएचयू ने बीटेक, एमटेक, एमफार्मा, एमएससी, आईडीडी और पीएचडी पाठ्यक्रमों के 1600 से अधिक छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की थी। इसमें सबसे ज्यादा 954 बीटेक डिग्रीधारी थे। इसके अलावा आईडीडी के 247, एमटेक व एमफार्मा के 223, पीएचडी के 193 और एमएससी के 44 छात्र-छात्राओं को डिग्री दी गई।
इसी तरह 67 छात्र-छात्राओं को मेडल प्रदान किए गए थे। इस बार भी लगभग इतने छात्र-छात्राओं को उपाधियां देने का अनुमान है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय आईआईटी के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में होगा। बैठक शीघ्र ही होने की उम्मीद है। दीक्षांत समारोह की तिथि की सूचना आईआईटी ने अपनी वेबसाइट पर भी साझा की है।